सोना 4,000 रुपये व चांदी 3,600 रुपये सस्ती हुई, कस्टम ड्यूटी घटने का असर
मुंबई- बजट में सोना-चांदी की कस्टम ड्यूटी (इम्पोर्ट टैक्स) घटने के बाद से 2 दिन में सोना 4000 रुपए और चांदी 3600 रुपए सस्ती हो चुकी है। सरकार ने बजट में सोना-चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 15% से घटाकर 6% कर दिया है। इससे भाव में ये गिरावट आई है।
बजट के अगले दिन, यानी 24 जुलाई को सोना 408 रुपए गिरकर 69,194 रुपए पर आ गया है। 23 जुलाई को इसमें 3600 रुपए की गिरावट आई थी। वहीं चांदी 22 रुपए गिरकर 84,897 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। कल चांदी में 3600 रुपए की गिरावट थी।
इस बार बजट में सोना-चांदी पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी 15% से घटाकर 6% कर दी है। इससे इसकी कीमत में गिरावट देखने को मिल रही है। लेकिन कस्टम ड्यूटी घटने के बाद आने वाले दिनों में सोने की मांग और तेजी से बढ़ेगी। अभी सोने और चांदी में गिरावट भले हुई है, लेकिन इसे केवल ड्यूटी एडजस्टमेंट कह सकते हैं।
कुछ दिन अगर सोना गिरा भी तो यह फिर कवर कर लेगा। अमेरिका में चुनाव और वैश्विक तनाव को देखते हुए सोने और चांदी के दाम अधिक नहीं गिरेंगे। यह खरीद का अच्छा मौका है। इस साल अब तक सोने के दाम 5,842 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़ चुके हैं। साल की शुरुआत में ये 63,352 रुपए पर था। जो अब 69,194 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं चांदी साल की शुरुआत में 73,395 रुपए प्रति किलो पर थी। जो अब 84,897 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। यानी, चांदी इस साल 11,502 रुपए बढ़ चुकी है।