पहली बार ब्रिटेन से बाहर भारत में बनेगी रेंज रोवर, 50 लाख रुपये तक सस्ती
मुंबई। जगुआर लैंड रोवर यानी जेएलआर भारत में रेंज रोवर और रेंज रोवर स्पोर्ट का उत्पादन शुरू करेगी। स्थानीय उत्पादन के साथ दोनों मॉडल की कीमत 18-22 प्रतिशत तक कम हो सकती है। 54 साल के इतिहास में पहली बार ब्रिटेन के बाहर इस मॉडल का उत्पादन होगा। कंपनी का मालिकाना हक टाटा मोटर्स के पास है।
अभी तक दोनों मॉडल का उत्पादन केवल ब्रिटेन में होता था। वहां से भारत सहित 121 बाजारों में निर्यात होता है। टाटा समूह के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने कहा, रेंज रोवर का विनिर्माण भारत में होना एक शानदार एहसास है। इस कदम से कंपनी को भविष्य में देश में बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
जेएलआर इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन अंबा ने कहा, देश में अधिक ग्राहकों तक दोनों मॉडल तक पहुंच सुलभ बनाने के लिए स्थानीय उत्पादन कंपनी के लिए एक बड़ा कदम है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने भारत में 4,436 गाड़ियां बेची थी। तीन साल में हमारा लक्ष्य दोगुना बिक्री का है। कंपनी चार साल में छह नए बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन लाएगी। जेएलआर की अभी उत्पादन क्षमता 10,000 सालाना है।
अंबा ने कहा, स्थानीय उत्पादन से रेंज रोवर स्पोर्ट की कीमत इस साल अगस्त से 1.40 करोड़ रुपये होगी। अभी यह 1.90 करोड़ में आती है। रेंज रोवर का दाम 2.60 करोड़ होगा। अभी यह 3.3 करोड़ रुपये है। इस महीने के अंत से यह उपलब्ध होगी। स्थानीय उत्पादन से दो एसयूवी की प्रतीक्षा अवधि भी अगले साल से घटेगी।