विदेशी मुद्रा भंडार 2.7 अरब डॉलर बढ़कर 22 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचा
मुंबई- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 29 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 2.75 अरब डॉलर बढ़कर 623.20 अरब डॉलर हो गया। यह 22 महीने का उच्च स्तर है। 22 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 4.471 अरब डॉलर बढ़कर 620.441 अरब डॉलर हो गया था। पिछले 6 सप्ताह के आंकड़े के हिसाब से रिजर्व में 30.12 अरब डॉलर की बढ़ोतरी आई है।
29 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा आस्तियां 1.86 अरब डॉलर बढ़कर 551.615 अरब डॉलर रही। सोने का भंडार का मूल्य 85.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 48.328 अरब डॉलर हो गया। अक्तूबर 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सार्वकालिक उच्च स्तर पर था। पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने रुपये की विनिमय दर बनाए रखने के लिए मुद्राभंडार का उपयोग किया। इससे मुद्रा भंडार प्रभावित हुआ।