झटका… गूगल, अमेजन सहित 6 टेक कंपनियां भारत में नहीं देंगी नौकरियां
मुंबई- टेक सेक्टर में नौकरी तलाश रहे लोगों को नए साल पर झटका लग सकता है। गूगल, फेसबुक, अमेजन और एपल सहित छह टेक कंपनियां भारत में नई नियुक्तियों पर रोक लगाने की योजना बना रही हैं। सबसे ज्यादा नियुक्ति इसी क्षेत्र में होती है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर की छह सबसे बड़ी टेक कंपनियों -फेसबुक (मेटा प्लेटफॉर्म), अमेजन, एपल, माइक्रोसॉफ्ट, नेटफ्लिक्स और गूगल (अल्फाबेट) की ओर से नौकरी पोस्टिंग में भारी गिरावट आई है। 2022 की तुलना में 2023 में इन कंपनियों में भारत में सक्रिय नौकरी पोस्टिंग में 90 फीसदी की गिरावट आई है। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ये कंपनियां भारत में भर्ती पर रोक लगा सकती हैं।
मौजूदा समय में इन कंपनियों की सक्रिय नियुक्तियां 98 फीसदी कम होकर सार्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। टेक कंपनियां वैश्विक आर्थिक मंदी से सबसे बुरी तरह प्रभावित हैं, क्योंकि उनका अधिकांश राजस्व अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर निर्भर होता है और अमेरिकी अर्थव्यवस्था इस समय बुरे दौर से गुजर रही है।
आर्थिक मंदी के कारण गूगल ने पिछले साल अब तक की सबसे बड़ी छंटनी की थी। उस समय 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। कम भर्तियों से टेक प्रतिभाओं को आगे दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
वर्तमान वैश्विक आर्थिक स्थिति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में वृद्धि से गूगल, नेटफ्लिक्स व मेटा जैसी कंपनियों में टेक नौकरियों की मांग खासकर भारत में 2023 में 78 फीसदी कम हो गई है। यह रुझान अगली दो तिमाहियों तक जारी रह सकता है।
बड़ी टेक कंपनियों के पास वर्तमान में वैश्विक स्तर पर केवल 30,000 नौकरियां हैं। इससे नियुक्ति में 50 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच, भारत में वर्तमान में 150,000 से भी कम लोग अपने मुख्य परिचालन के लिए कार्यरत हैं।
इस पूरे साल में भारतीय स्टार्टअप कंपनियों की भी हालत बहुत बुरी रही है। इन कंपनियों ने 28,000 से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। साथ ही नई नियुक्तियां भी नहीं की हैं।