रिलायंस इंडस्ट्रीज फिर भारत की निजी सेक्टर की सबसे ज्यादा मूल्यवान कंपनी
मुंबई- मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज एक बार फिर भारत में प्राइवेट सेक्टर की मोस्ट वैल्युएबल कंपनी बन गई है। वहीं अडाणी ग्रुप की कोई भी कंपनी टॉप टेन में शामिल नहीं है। मंगलवार को ‘2022 बरगंडी प्राइवेट हुरुन इंडिया 500’ लिस्ट जारी की गई है।
हुरुन लिस्ट में रिलायंस 16.3 लाख करोड़ रुपए की वैल्यू के साथ पहले नंबर पर है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) 11.8 लाख करोड़ रुपए की वैल्यू के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं HDFC बैंक 9.4 लाख करोड़ रुपए की वैल्यू के साथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर है।
एक्सिस बैंक के प्राइवेट बैंकिंग बिजनेस बरगंडी प्राइवेट और हुरुन इंडिया ने मिलकर ये लिस्ट तैयार की है। इस लिस्ट में 30 अक्टूबर 2022 से 30 अप्रैल 2023 के डेटा का एनालिसिस किया गया है। मार्केट कैप के हिसाब से कंपनी को रैंक किया जाता है।
मोस्ट वैल्युएबल अनलिस्टेड कंपनी 2022 की टॉप-500 कंपनियों की लिस्ट में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया 1.92 लाख करोड़ रुपए की वैल्यू के साथ टॉप पर है। अनलिस्टेड कंपनियों की लिस्ट में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) दूसरे और बायजूस तीसरे नंबर पर है।
अडाणी ग्रुप की आठ कंपनियों का वैल्यूएशन आधे से भी कम हो गया। इसकी कंबाइन्ड वैल्यू 10.25 लाख करोड़ रुपए कम होकर 9.5 लाख करोड़ रुपए पर आ गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि अडाणी टोटल गैस ने अपनी वैल्यू का 73.8% खो दिया, अडाणी ट्रांसमिशन में 69.2% की गिरावट देखी गई, जबकि ग्रीन एनर्जी में 54.7% की गिरावट आई।
भारत में टॉप 500 कंपनियों की टोटल वैल्यू 6.4% की मामूली गिरावट के साथ 212 लाख करोड़ रुपए पर आ गई है। 30 अक्टूबर 2022 को ये 227 लाख करोड़ रुपए था। सेंसेक्स और अन्य ग्लोबल इंडाइसेज की तुलना में लिस्ट में शामिल कंपनियों ने अंडरपरफॉर्म किया है। वहीं टॉप 10 कंपनियों की टोटल वैल्यू 71.5 लाख करोड़ रुपए पर अपरिवर्तित रही।