भारतीय महिलाएं बनाएंगी आईफोन, टाटा करेगा 45,000 महिलाओं की भर्ती 

मुंबई- टाटा समूह एपल से और ज्यादा कारोबार हासिल करने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रहा है। यह अपने तमिलनाडु के इलेक्ट्रॉनिक कारखाने में 18-24 महीने में 45,000 महिलाओं की भर्ती करेगा। यहीं पर कंपनी एपल के आईफोन के कलपुर्जों का निर्माण करेगी। साथ ही कंपनी यहां पर नई प्रोडक्शन लाइन स्थापित कर रही है।  

फिलहाल इस प्लांट में करीब 10,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसमें ज्यादातर महिलाएं हैं। नमक से लेकर सॉफ्टवेयर के क्षेत्र तक फैला टाटा समूह चीन से आगे एपल के सप्लाई चेन का हिस्सा बनना चाहता है। भारत में आईफोन और इसके कलपुर्जे काफी कम बनते हैं। भारत की योजना चीन में आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग को कम करके भारत में इसे लाना है। चीन में कोरोना के कारण आईफोन के निर्माण पर असर हो रहा है। यहां फॉक्सकॉन के प्लांट में हजारों कर्मचारी कोरोना से पीड़ित होने के बाद छुट्टी पर चले गए हैं। 

टाटा का तमिलनाडु के होसूर का प्लांट 500 एकड़ में फैला हुआ है। सितंबर में यहां 5,000 महिलाओं की भर्ती की गई थी। यहां पर महिलाओं को मासिक 16,000 रुपये का ग्रॉस वेतन मिलता है। हालांकि, इन्हें मुफ्त में खाना और रहने की सुविधा भी कैंपस में मिलती है। आगे चलकर समूह प्रशिक्षण और शिक्षा भी देने की योजना बना रहा है। 

आईफोन बनाने वाली प्रमुख कंपनियां फॉक्सकॉन, विस्ट्रॉन और पेगाट्रॉन भारत में ज्यादा फोकस कर रही हैं। यह यहां की कंपनियों के साथ मिलकर आईफोन तैयार कर रही हैं। सरकार की उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के कारण यह इलेक्ट्रॉनिक निर्माता कंपनियां यहां दिलचस्पी दिखा रही हैं। इससे भारत से आईफोन निर्यात में भी मदद मिलेगी। टाटा समूह विस्ट्रॉन के साथ मिलकर आईफोन बनाने के लिए चर्चा कर रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *