त्योहारी सीजन में सोना हुआ सस्ता, जानिए कितनी आई गिरावट
मुंबई- घरेलू सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें गिरने के चलते यह गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 435 रुपये टूटकर 49,282 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोने का भाव 49,717 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोने के साथ ही चांदी की घरेलू हाजिर कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। वहीं, वैश्विक स्तर पर भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू स्तर पर सोने के साथ ही चांदी के भी हाजिर भाव टूटे हैं। चांदी की हाजिर कीमत बुधवार को 1,600 रुपये गिरकर 54,765 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। वायदा बाजार में भी चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज हुई है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर बुधवार शाम 5दिसंबर 2022 की डिलीवरी वाली चांदी 1.05 फीसदी या 583 रुपये की गिरावट के साथ 54,796 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखाई दी।
वैश्विक स्तर की बात करें, तो बुधवार शाम सोने के वायदा और हाजिर दोनों भाव गिरावट के साथ ट्रेड करते दिखे। ब्लूमबर्ग के अनुसार, सोने का वैश्विक वायदा भाव कॉमेक्स पर बुधवार शाम 0.30 फीसद या 4.90 डॉलर की गिरावट के साथ 1631.30 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, सोने का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 0.36 फीसद या 5.86 डॉलर की गिरावट के साथ 1623.04 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया।