अक्तूबर-दिसंबर में जमकर नौकरियां, 54 फीसदी कंपनियों की हायरिंग की तैयारी 

मुंबई- देश में नौकरियों की बहार आने वाली है। मैनपावर ग्रुप के एक सर्वे के अनुसार, अक्तूबर से दिसंबर के दौरान 54 फीसदी कंपनियां लोगों को नियुक्त करने की तैयारी में हैं। यह सर्वे 40,600 सरकारी और निजी नियोक्ताओं पर 41 देशों में किया गया था।  

सर्वे में भारत की 64 फीसदी कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएंगी जबकि 10 फीसदी कंपनियां घटाने की तैयारी में हैं। 24 फीसदी कंपनियां कोई बदलाव नहीं करने वाली हैं। इस तरह से शुद्ध रूप से 54 फीसदी कंपनियां भर्ती करेंगी। इस मामले में दुनिया भर में 56 फीसदी के साथ ब्राजील पहले स्थान पर जबकि भारत दूसरे स्थान पर है। 

पिछले साल अक्तूबर-दिसंबर से तुलना करें तो भर्ती में 10 फीसदी का सुधार हुआ है। जबकि जून तिमाही से इसमें 3 फीसदी की बढ़त है। सर्वे के अनुसार, भारत की जड़ें काफी मजबूत और गहरी हैं। अल्पकालिक असफलताओं के बावजूद, वृद्धि वाली नीतियों, बुनियादी ढांचे में निवेश में वृद्धि और अन्य कारक हैं जिससे भर्तियों में तेजी आ रही है। हालांकि, उद्योग जगत को प्रतिभावान कर्मचारियों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। 

रिपोर्ट के अनुसार, आईटी और टेक में ज्यादा भर्तियां होंगी। उसके बाद बैंकिंग, फाइनेंस, बीमा और रियल एस्टेट सेक्टर में लोगों की नियुक्ति होगी। दुनिया के 23 देशों में भर्ती में कमी आने की आशंका है। 16 देशों में भर्ती में तेजी आने की उम्मीद है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *