68 लाख की मर्सिडीज और 7 एयरबैग, फिर भी नहीं बची मिस्त्री की जान
मुंबई- साइरस मिस्त्री 68 लाख रुपये की मर्सिडीज जीएलसी 220डी 4मैटिक से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। मर्सिडीज की जीएलसी 220डी सीरीज की यह कार तमाम सुरक्षा फीचर्स से लैस थी और इसमें सात एयरबैग भी थे। इसके बावजूद सड़क हादसे में सायरस मिस्त्री की जान नहीं बच सकी।
टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का रविवार दोपहर सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। हादसा मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हुआ। मिस्त्री गुजरात के उदवाड़ा में बने पारसी मंदिर से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक 54 साल के मिस्त्री की मर्सिडीज GLC 220 कार पालघर के कासा के पास चरोटी गांव में सूर्या नदी के पुल पर रोड डिवाइडर से टकराई थी। टक्कर के बाद मर्सिडीज के एयरबैग भी खुले, लेकिन मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार में कुल चार लोग सवार थे।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक मर्सिडीज के ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद वह रोड डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मर्सिडीज कार में सवार लोगों का विवरण जारी की है। दुर्घटना में साइरस मिस्त्री के साथ जहांगीर दिनशा पंडोले की भी जान चली गई है। वहीं, अनायता पंडोले (महिला) और उनके पति दरीयस पंडोले घायल हुए हैं। अनायता मुंबई में डॉक्टर हैं और कार वही ड्राइव कर रही थीं। उनके पति दरीयस पंडोले JM फाइनेंशियल के CEO हैं। जहांगीर पंडोले, दरीयस के पिता थे। शवों का पोस्टमार्टम जे जे अस्पताल में किया जाएगा।
पालघर के SP बालासाहेब पाटिल ने बताया- मिस्त्री जिस कार में सवार थे, उसका नंबर MH-47-AB-6705 है। एक्सीडेंट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद से मुंबई के रास्ते में सूर्या नदी के पुल पर हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी दो लोग घायल हो गए।