किशोर कुमार के बंगले में विराट कोहली खोलेंगे होटल, अगले महीने है योजना 

मुंबई- क्रिकेटर विराट कोहली एक नया रेस्टोरेंट खोलने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने दिवंगत एक्टर-सिंगर किशोर कुमार के मुंबई स्थित जुहू वाले बंगले को लीज पर लिया है। विराट एक हाई ग्रेड रेस्टोरेंट शुरू करने जा रहे हैं, इसका काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। कहा जा रहा है कि अगले महीने ये रेस्टोरेंट शुरू जाएगा। 

किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने कहा कि कुछ महीने पहले सुमित (किशोर कुमार और लीना चंदावरकर के बेटे सुमित कुमार) की विराट से मुलाकात हुई थी। इस दौरान बंगले को किराए पर लेने को लेकर दोनों की बातचीत हुई। अब आखिरकार ये बंगला 5 साल के लिए विराट को किराए पर दे दिया गया है। 

किशोर कुमार का बंगला ‘गौर कुंज’ मुंबई के जुहू तारा रोड पर स्थित है। किशोर दा जब जिंदा थे तो वो इसी बंगले में रहा करते थे। बंगले के आसपास की हरियाली किशोर दा को काफी पसंद थी। यहां तक कि उन्होंने बंगले के आसपास के पेड़ों के दिलचस्प नाम भी रखे थे। बंगले में एक गैराज भी था, जिसमें वो अपनी विंटेज कार पार्क किया करते थे। 

2018 में ये बंगला तब विवादों में आया था, जब इसे रेस्टोरेंट खोलने के लिए 3 साल की लीज पर दिया गया था। बीएमसी ने बंगले के ग्राउंड फ्लोर में अवैध निर्माण पर आपत्ति जताते हुए किशोर कुमार और लीला चंदावरकर के बेटे सुमित को नोटिस भी भेजा था। 

विराट की बात करें तो वो दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में 61वें नंबर पर हैं। मौजूदा समय में विराट 30 से अधिक ब्रांड एंडोर्स कर रहे हैं। ब्रांड, IPL और मैच फीस मिलाकर विराट सालाना 200 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाते हैं। विराट की नेटवर्थ 900 करोड़ से ज्यादा है। 

विराट ने इससे पहले भी कई बिजनेस में इन्वेस्ट किया है। वो UAE Royals (टेनिस टीम) के को-फाउंडर हैं। इसके अलावा वो One8 Commune नामक रेस्टोबार के मालिक हैं। वो Wrogn ब्रांड के भी को-फाउंडर हैं। साथ ही विराट इंडियन सुपर लीग में खेलने वाली टीम FC Goa के को-फाउंडर भी हैं। 

किशोर कुमार का 35 साल पहले (13 अक्टूबर 1987) निधन हो गया था। उन्होंने अपने करियर में करीब 110 म्यूजिक डायरेक्टर्स के साथ 2678 फिल्मों में गाने गाए थे। किशोर दा ने करीब 88 फिल्मों में बतौर एक्टर भी काम किया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *