एक और झटका, सरकार ने पीएफ पर 0.40 फीसदी ब्याज दर घटाया
मुंबई- सरकार ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए PF अकाउंट में जमा राशि पर 8.5% की बजाए 8.10% की दर से ब्याज देने के फैसले को मंजूरी दे दी है। एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने शुक्रवार को इसका ऑफिस ऑर्डर जारी किया। यह दर पिछले करीब 40 साल में सबसे कम है।
बता दें कि पिछले हफ्ते ही सरकार ने गरीबों की बीमा योजना की दो प्रमुख योजनाओं प्रधानमंत्री जनज्योति बीमा और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का प्रीमियम बढ़ा दिया है। इससे यह योजनाएं महंगी हो गई हैं।
1977-78 में EPFO ने 8% का ब्याज दिया था। उसके बाद से यह 8.25% या उससे अधिक रही है। पिछले दो वित्तवर्ष (2019-20 और 2020-21) की बात करें तो ब्याज दर 8.50% रही है। देश के करीब 6 करोड़ कर्मचारी PF के दायरे में आते हैं।
EPFO एक्ट के तहत कर्मचारी को बेसिक सैलरी प्लस DA का 12% PF अकाउंट में जाता है। तो वहीं, कंपनी भी कर्मचारी की बेसिक सैलरी प्लस डीए का 12% कॉन्ट्रीब्यूट करती है। कंपनी के 12% योगदान में से 3.67% कर्मचारी के पीएफ अकाउंट में जाता है और बाकी 8.33% कर्मचारी पेंशन स्कीम में जाता है।
ऐसे में मान लीजिए आपके PF अकाउंट में 31 मार्च 2022 तक (वित्त वर्ष 2022-23 के लिए ओपनिंग बैलेंस) कुल 5 लाख रुपए जमा हैं। ऐसे में अगर आपको 8.50% की दर से ब्याज मिलता तो आपको 5 लाख पर 4,2500 रुपए ब्याज के रूप में मिलते। लेकिन अब ब्याज दर को घटाकर 8.10% करने के बाद आपको 40,500 रुपए ब्याज मिलेगा।
1952 में PF पर ब्याज दर केवल 3% थी। हालांकि, उसके बाद इसमें बढ़त होती गई। पहली बार 1972 में यह 6% के ऊपर पहुंची। 1984 में यह पहली बार 10% के ऊपर पहुंची। PF धारकों के लिए सबसे अच्छा समय 1989 से 1999 तक था। इस दौरान PF पर 12% ब्याज मिलता था। इसके बाद ब्याज दर में गिरावट आनी शुरू हो गई। 1999 के बाद ब्याज दर कभी भी 10% के करीब नहीं पहुंची। 2001 के बाद से यह 9.50% के नीचे ही रही है। पिछले सात सालों से यह 8.50% या उससे कम रही है।
2019-20 और 2020-21 की बात करें तो ब्याज दर 8.50% से रही है। 2018-19 में 8.65% रही है। वहीं अगर अब तक में सबसे अधिक ब्याज की बात की जाए तो वह वित्तवर्ष 1989-2000 में रही है। PF के शुरुआत 1952 में हुई थी। 1952 से 1955 तक 3% की ब्याज रही है।