सेंसेक्स 800 पॉइंट्स ऊपर, निवेशकों ने कमाए 4 लाख करोड़ रुपए  

मुंबई- हफ्ते के पहले दिन और महीने के आखिरी दिन शेयर बाजार में अच्छी तेजी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 800 पॉइंट्स बढ़कर 57,900 पर पहुंच गया है। IT कंपनियों के शेयर्स में ज्यादा तेजी दिख रही है। निवेशकों को पहले 5 मिनट में 4 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। 

लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 265.37 लाख करोड़ रुपए है। शुक्रवार को यह 261.23 लाख करोड़ रुपए था। विदेशी निवेशक लगातार शेयर बाजार से पैसे निकाल रहे हैं। पिछले चार महीने में उन्होंने 1.38 लाख करोड़ रुपए की निकासी की है। इससे पहले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स शुक्रवार को 76 पॉइंट्स (0.13%) गिर कर 57,200 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8 अंक गिर कर 17,101 पर बंद हुआ।  

आज सेंसेक्स 645 पॉइंट्स बढ़कर 57,845 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 57,950 का ऊपरी और 57,746 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में 27 बढ़त में और 3 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इसके बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में टेक महिंद्रा, विप्रो और इंफोसिस के शेयर्स 3-3% से ज्यादा बढ़े हैं। अल्ट्राटेक, बजाज फिनसर्व, डॉ. रेड्‌डी, एशियन पेंट्स, SBI, TCS, और नेस्ले भी बढ़त में हैं।  

इनके अलावा मारुति, टाटा स्टील, रिलायंस इंस्ट्रीज, पावर ग्रिड, सन फार्मा, एक्सिस बैंक और कोटक बैंक भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। गिरावट वाले प्रमुख शेयर्स में एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो और इंडसइंड बैंक हैं। सेंसेक्स के 225 शेयर्स लोअर और 289 अपर सर्किट में कारोबार कर रहे हैं।  

अपर और लोअर सर्किट का मतलब एक दिन में संबंधित स्टॉक की कीमत में एक तय सीमा से ज्यादा का उतार-चढ़ाव नहीं हो सकता है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 219 अंकों की तेजी के साथ 17,321 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,301 पर खुला था और 17,336 का ऊपरी तथा 17,269 का निचला स्तर बनाया। इसके 50 शेयर्स में से 48 बढ़त में और 2 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।  

गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में इंडसइंड बैंक और लार्सन एंड टुब्रो हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में टेक महिंद्रा, विप्रो, डिवीज लैब, भारत पेट्रोलियम और ONGC हैं। निफ्टी के मिडकैप, फाइनेंशियल, बैंकिंग और नेक्स्ट 50 इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। बाजार में तेजी का कारण यह है कि कल बजट पेश होना है और उम्मीद है कि इसमें ग्रोथ पर सरकार फोकस कर सकती है। उससे पहले आज आर्थिक सर्वे भी आना है जिसमें देश की अर्थव्यवस्था की तस्वीर उभर कर सामने आएगी। इस वजह से बाजार में आज अच्छी खासी तेजी बनी हुई है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *