दुनिया में इस साल सबसे ज्यादा कमाई अडाणी ने की, अब अंबानी के करीब

मुंबई- इस साल दुनिया भर के अमीरों में सबसे ज्यादा अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी ने की है। उन्होंने 14 अरब डॉलर यानी 96 हजार करोड़ रुपए की कमाई की है। देश के दो सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी अब एक बार फिर संपत्तियों के मामले में करीब आ गए हैं।  

दोनों के बीच केवल 35 हजार करोड़ रुपए का अंतर है। इसके साथ ही दुनिया में इस साल सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अडाणी के नाम है। गुरुवार को मुकेश अंबानी की संपत्ति 7.01 लाख करोड़ रुपए रही। जबकि गौतम अडाणी की संपत्ति 6.66 लाख करोड़ रुपए थी। इस तरह से दोनों के बीच केवल 35 हजार करोड़ रुपए का अंतर रहा। 

अंबानी की संपत्ति इस साल में अब तक 4.24 अरब डॉलर जबकि अडाणी की 13 अरब डॉलर बढ़ी है। टॉप 100 अमीरों में सबसे ज्यादा कमाई अडाणी की ही है। इनके अलावा किसी की संपत्ति इस साल इतनी नहीं बढ़ी है।  

अब रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 16.77 और अडाणी ग्रुप का 11.16 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप है। अडाणी की कुल 6 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हैं। पहली बार इनका मार्केट कैप 11.10 लाख करोड़ रुपए के पार है। इसमें सबसे बड़ी अडाणी ग्रीन एनर्जी है जो 3 लाख करोड़ रुपए वाली कंपनी है।  

इससे पहले दोनों 21 नवंबर 2021 को बराबरी पर आ गए थे। उस समय दोनों की संपत्ति 6.63-6.63 लाख करोड़ रुपए थी। तब रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 14.91 लाख करोड़ रुपए जबकि अडाणी ग्रुप का वैल्यूएशन 10 लाख करोड़ रुपए था। अडाणी ट्रांसमिशन 2.21 लाख करोड़, अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी टोटल गैस 2-2 लाख करोड़ रुपए से ऊपर वाली कंपनी हैं।  

रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुकेश अंबानी की हिस्सेदारी 50.61% है जबकि अडाणी की हिस्सेदारी उनकी कंपनियों में 70.59% है। अडाणी की 3 कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी 74.92% जबकि एक कंपनी में 74.80 और 2 कंपनियों में यह 60-64% है। पिछले शुक्रवार यानी 14 जनवरी को भी गौतम अडाणी की रैंकिंग में सुधार आया था। तब वे दुनिया के 13 वें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन बने थे। उससे पहले वे 14 वें नंबर पर थे। दुनिया के अमीरों की सूची में टॉप 10 में कोई भारतीय नहीं है।  

मुकेश अंबानी 11 वें नंबर पर जबकि अडाणी 12 वें नंबर पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल में मुकेश अंबानी की संपत्ति 31,592 करोड़ रुपए बढ़ी, जबकि अडाणी की 96,863 करोड़ रुपए बड़ी है। हाल में अंबानी और अडाणी ने गुजरात में भारी निवेश की घोषणा की है।  

वैसे इस साल अभी तक कमाई के मामले में दुनिया के टॉप 12 अमीरों में अडाणी और अंबानी ही आगे हैं। सबसे अमीर टेस्ला के मालिक एलन मस्क की संपत्ति 14.4 अरब डॉलर घटी है जबकि जेफ बेजोस की संपत्ति 15.5 अरब डॉलर घटी है। टॉप 12 में अडाणी अंबानी को छोड़कर केवल वॉरेन बफे हैं जिनकी संपत्ति बढ़ी है। इस साल में इन्होंने 3.89 अरब डॉलर की कमाई की है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *