शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 100 पॉइंट्स गिरा, इंडसइंड बैंक 4%, RBL बैंक 19% गिरा
मुंबई- शेयर बाजार में आज हफ्ते के पहले दिन भारी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 100 पॉइंट्स गिरकर 57100 पर पहुंच गया है। इंडसइंड बैंक का स्टॉक 5% टूटकर 820 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जबकि RBL बैंक का शेयर आज 19 पर्सेंट तक टूट गया है। इसके एमडी विश्ववीर आहुजा को जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया है। इससे इसके शेयर की जमकर बिकवाली हो रही है।
उधर, इंफोसिस का मार्केट कैप शुक्रवार को दिन में 8 लाख करोड़ रुपए के पार हो गया। इसका शेयर एक साल के ऊपरी स्तर 1913 रुपए पर पहुंच गया था। हालांकि बाजार बंद होते समय यह 1863 रुपए पर रहा और मार्केट कैप 7.83 लाख करोड़ रुपए रहा। एक साल में इस शेयर ने 50% का फायदा दिया है। पिछले साल दिसंबर में यह 1226 रुपए पर था। 8 लाख करोड़ से ज्यादा वाली देश में कुल कंपनियां हैं। इसमें इंफोसिस के अलावा रिलायंस, TCS, HDFC बैंक हैं।
BSE का सेंसेक्स 176 पॉइंट्स नीचे 56,948 पर खुला था और यही इसका ऊपरी स्तर पर भी था। दिन में इसने 56,618 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 26 शेयर्स गिरावट में और 4 बढ़त में कारोबार कर रहे हैँ। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में बजाज फाइनेंस 2.50%, बजाज फिनसर्व 2%, एक्सिस बैंक 1.50%, कोटक बैंक 1.50% और ICICI बैंक 1.50% गिरा है।
बढ़ने वाले शेयर्स में केवल डॉ. रेड्डी, पावर ग्रिड और सनफार्मा हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 257.47 लाख करोड़ रुपए है। शुक्रवार को यह 259.78 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह से पहले ही 5 मिनट में निवेशकों को 2.31 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 154 अंक गिरकर 16,849 पर कारोबार कर रहा है। इसके मिडकैप, फाइनेंशियल, बैंकिंग और नेक्स्ट 50 इंडेक्स गिरावट में हैं। फाइनेंशियल और बैंक इंडेक्स 1.50-1.50% से ज्यादा टूटे हैं।
निफ्टी के 50 शेयर्स में से 43 नीचे कारोबार कर रहे हैं जबकि केवल 7 शेयर्स बढ़त में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में सिप्ला, सनफार्मा, पावर ग्रिड और डिवीज लैब हैं। गिरने वाले शेयर्स में इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनवर्स, टाटा कंज्यूमर और एक्सिस बैंक हैं।
इससे पहले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 202 पॉइंट्स गिरकर 57113 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 69 अंक टूटकर 17,003 पर बंद हुआ था। बैंकिंग स्टॉक्स की सबसे ज्यादा पिटाई हुई थी। इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर 1-1% से ज्यादा गिरे थे।