बाजार में 1300 अंकों की गिरावट, 5 मिनट में निवेशकों के 5 लाख करोड़ डूबे
मुंबई- शेयर बाजार में आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन में बड़ी गिरावट है। बाजार खुलते ही इसमें 500 अंकों की गिरावट आई। उसके बाद पहले ही 5 मिनट में इसमें 1200 अंकों की गिरावट आई। इस वजह से निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपए डूब गए। सेंसेक्स आज 57430 पर पहुंच गया है।
इस हफ्ते में यह दूसरी बार हुआ है जब सेंसेक्स 58 हजार के नीचे पहुंचा है। गुरुवार को बाजार भारी बढ़त के साथ बंद हुआ था। पेटीएम और रिलायंस के शेयर्स में अच्छी खासी तेजी दिखी थी। लेकिन आज इसने पूरी तरह से निवेशकों को डुबो दिया है। जानकारों के मुताबिक, बाजार में आगे इसी तरह से उतार चढ़ाव दिख सकता है।
कल लिस्टेड कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 265.65 लाख करोड़ रुपए था। आज यह 261 लाख करोड़ रुपए से नीचे आ गया है। आज बाजार में भारी गिरावट रिलायंस और पेटीएम के शेयरों में है। रिलायंस का शेयर आज 3 पर्सेंट जबकि पेटीएम भी 4 पर्सेंट टूटा है। आज टूटने वाले प्रमुख शेयर्स में मारुति का शेयर 4 पर्सेंट, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व का 4-4 पर्सेंट टाइटन 3.50 पर्सेंट टूटा है।
एचडीएफसी का शेयर 3.30 पर्सैंट, कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.25 पर्सेंट, एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक, एसबीआई 3-3 पर्सेंट से ज्यादा टूटे हैं। आईसीआईसीआई बैंक 2.50 पर्सेंट टूटा है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल डॉ रेड्डी का शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। जबकि बारी सारे शेयर गिरावट में हैं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 370 अंकों की गिरावट के साथ 17,166 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी मिडकैप, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स में ढाई-ढाई पर्सेंट की गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयर्स में सिप्ला, रेड्डी, डिवीज लैब और ब्रिटानिया बढ़त में हैं। निफ्टी में टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, ओएनजीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील और मारुति 4-4 पर्सेंट गिरे हैं।