किसान क्रेडिट कार्ड लेना चाहते हैं? SBI से जानिए कैसे ले सकते हैं किसान क्रेडिट
मुंबई- देश के किसानों के लिए क्रेडिट कार्ड बहुत ही ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। तमाम बैंक किसान क्रेडिट कार्ड जारी करते हैं। इसके जरिए किसान आपातकाल में कर्ज लेकर अपना काम चला सकता है।
फसल होने के बाद वह इस कर्ज को चुका कर अपनी आमदनी हासिल कर सकता है।
देश के सबसे बड़े बैंक SBI से अगर आप किसान क्रेडिट कार्ड लेना चाहते हैं तो हम बता रहे हैं आप कैसे ले सकते हैं। SBI का किसान क्रेडिट कार्ड किसानों को उनकी खेती के खर्च को पूरा करने के लिए समय पर और पर्याप्त कर्ज प्रदान करता है। यह एक सरल प्रक्रिया के माध्यम से किसानों के आकस्मिक खर्चों और सहायक गतिविधियों से संबंधित खर्चों को भी पूरा करता है।
किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) एक रिवाल्विंग कैश क्रेडिट अकाउंट की तरह होता है। यदि खाते में काई पैसा जमा है तो उस रकम पर बचत बैंक के जितना ब्याज मिलेगा। कर्ज चुकाने का समय 5 साल, का होता है। हालांकि वार्षिक समीक्षा के दौरान आपको 10 पर्सेंट और ज्यादा कर्ज मिल सकता है। 3 प्रतिशत इंटरेस्ट सबवेंशन के साथ 3 लाख रुपए तक की सुविधा मिलती है। फसल अवधि (छोटी/लंबी) और फसल के लिए मार्केटिंग अवधि के अनुसार चुकाने की सुविधा मिलती है। KCC के लिए रूपे कार्ड दिया जाता है।
सभी पात्र KCC रुपे कार्डधारकों के लिए 1 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा की सुविधा होती है। इसके तहत उन किसानों को कर्ज मिलता है जो खेती के मालिक होते हैं। इसमें हालांकि उनके अलावा मौखिक पट्टादार और बटाईदार भी शामिल होते हैं। किसानों का ग्रुप भी इसके तहत लोन ले सकता है।
3 लाख रुपए तक अगर कर्ज है तो आपको 7 पर्सेंट ब्याज लगता है। इससे ज्यादा कर्ज पर समय-समय पर ब्याज दरें बदलती रहती हैं। 70 साल से कम के किसानों को दुर्घटना बीमा का फायदा मिलता है। पात्र फसलों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कवर भी किया जाता है। किसान सीधे SBI ब्रांच जाकर भी KCC का एप्लिकेशन फॉर्म ले सकते हैं। आपको फॉर्म भरना होगा। बैंक आवेदन की समीक्षा करेगा। सभी डिटेल्स सही होने पर बैंक आपके आवेदन को मंजूरी देगा।
योनो एसबीआई के माध्यम से KCC रिव्यू करने की मुख्य विशेषताएं- योनो ऐप या योनो ब्रांच के माध्यम से KCC रिव्यू किया जा सकता है। योनो ऐप के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। योनो में आपको लॉग इन करके योनो कृषि पर जाना होगा। यहां आपको खाता पर क्लिक करना होगा। फिर किसान क्रेडिट कार्ड पर क्लिक करें। व्यक्तिगत डिटेल्स के साथ जमीन की डिटेल्स डालें। फसल की डिटेल्स डालें। एप्लिकेशन जमा करें।
डॉक्यूमेंट के रूप में पता, पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि आप दे सकते हैं। बैंक सुरक्षा के लिए पोस्ट डेटेड चेक जमा करने के लिए भी कह सकता है।