नायका का आईपीओ 28 से और और फिनो पेमेंट्स का 29 से खुलेगा इश्यू
मुंबई- इस महीने के पहले आईपीओ की तारीख तय हो गई है। नायका 5,400 करोड़ रुपए और फिनो पेमेंट्स बैंक आईपीओ से 300 करोड़ रुपए जुटाएगा। दो IPO इस महीने में लिस्ट हुए थे। इसमें एक बिड़ला म्यूचुअल फंड और दूसरा पारस डिफेंस का शेयर था। नायका 1,085 से 1,125 रुपए पर आईपीओ लाएगी।
फिनो पेमेंट्स का IPO 29 अक्टूबर को खुलेगा। 2 नवंबर को यह बंद होगा। यह शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर 12 नवंबर को लिस्ट होगा। 31 मार्च 2021 तक कंपनी का कुल रेवेन्यू 791 करोड़ रुपए था। जबकि फायदा 20.4 करोड़ रुपए था। हालांकि 2020 में कंपनी को 32 करोड़ का और 2019 में 62 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। अचानक कंपनी को 2021 में हुए फायदे से निवेशकों में आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है।
ब्यूटी और वेलनेस की सेवा देने वाली नायका का IPO 28 अक्टूबर कोखुलेगा। एक नवंबर को यह बंद होगा। एंकर इश्यू 2,340 करोड़ रुपए का होगा। एंकर निवेशकों के लिए इश्यू 27 अक्टूबर को खुलेगा। नायका 5,400 करोड़ रुपए में से 630 करोड़ रुपए प्राइमरी इश्यू से जुटाएगी। बाकी पैसा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए जुटाएगी।
2012 में नायका की शुरुआत हुई थी। इसे इन्वेस्टमेंट बैंकर फाल्गुनी नायर ने शुरू किया था। इस कंपनी में प्रमोटर के पास 53% हिस्सेदारी है। इसमें फाल्गुनी, उनके पति संजय नायर और उनके दो बच्चे शामिल हैं। IPO के बाद भी प्रमोटर के पास ज्यादा हिस्सेदारी रहेगी। IPO से जुटाई गई रकम का उपयोग कर्ज को चुकाने, निवेश करने और अन्य के लिए उपयोग किया जाएगा।
साल 2025 तक देश में ब्यूटी और पर्सनल केयर और फैशन का उद्योग 152 अरब डॉलर होने की उम्मीद है। भारत के ब्यूटी और पर्सनल केयर का बाजार 28 अरब डॉलर 2025 तक हो सकता है। 2020 में यह 16 अरब डॉलर का था। वित्तवर्ष 2021 में नायका का फायदा 61.96 करोड़ रुपए था। जबकि 2020 में कंपनी को 16.34 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। नायका का रेवेन्यू मार्च 2021 में समाप्त वित्त वर्ष में 2,440.89 करोड़ रुपए था। एक साल पहले की तुलना में इसमें 38% की बढ़त आई है। नायका के पास 73 फिजिकल स्टोर्स हैं। यह सभी ब्यूटी और पर्सनल केयर प्रोडक्ट के स्टोर हैं। यह स्टोर्स देश के 38 शहरों में है।