मुंबई, कोलकाता NCR में घरों की बिक्री में तेजी, मुंबई में हर दिन बिके 400 घर

मुंबई- मुंबई, कोलकाता और NCR जैसे शहरों में घरों की बिक्री में जबरदस्त तेजी आई है। मुंबई में नवरात्रि के 9 दिनों में हर दिन 400 नए फ्लैट बिके हैं। प्रॉपर्टी के लिहाज से मुंबई देश का सबसे बड़ा मार्केट है। यहाँ त्योहारी सीजन की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई है। स्टांप ड्यूटी में छूट की समाप्ति के बावजूद लोग घर खरीदने में जुटे हैं।  

नाइट फ्रैंक इंडिया के एक अध्ययन से पता चलता है कि 9 दिनों में मुंबई में कुल 3,205 प्रॉपर्टी का रजिस्ट्रेशन हुआ। इसके पहले अगस्त और सितंबर में रोजाना रजिस्ट्रेशन की दर 219 और 260 घरों की थी। होम लोन की ऐतिहासिक स्तर पर कम ब्याज दरें और बिल्डर्स द्वारा पेश किए गए फेस्टिव सीजन ऑफर ने घर खरीदारों को आकर्षित किया है। 7 अक्टूबर से शुरू हुई नवरात्रि में घरों की बिक्री में तेजी रही।  

महाराष्ट्र सरकार ने स्टाम्प ड्यूटी के रेट्स में काफी छूट प्रदान की थी हालांकि यह छूट 31 मार्च को समाप्त हो गई थी। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन शिशिर बैजल ने कहा कि लगभग 5 साल से त्योहारी सीजन रियल्टी बाजार के लिए मंदी वाला था। यह साल सबसे अच्छे सालों में से एक हो सकता है। घर खरीदार कम ब्याज दरों और सस्ती प्रॉपर्टी का फायदा उठा रहे हैं। 

दीवाली की बिक्री भी अच्छी रहने की उम्मीद है। डेवलपर्स ने हाउसिंग प्रोजेक्ट्स बेचने के लिए तैयारी कर ली है और पूरी संभावना है कि मुंबई में दीवाली में प्रॉपर्टी मार्केट की बिक्री काफी अच्छी रहने वाली है। नाइट फ्रैंक के अनुसार, इस महीने 13 अक्टूबर तक डेली रजिस्ट्रेशन अगस्त महीने की तुलना में 17% अधिक रहा है। अक्टूबर के पहले दो हफ्ते में मुंबई में कुल 4,052 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए। इससे महाराष्ट्र सरकार को 260 करोड़ रुपए का स्टांप-ड्यूटी का रेवेन्यू प्राप्त हुआ। इसी तरह कोलकाता और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी रियल इस्टेट का बाजार तेजी में है।  

कैलेंडर साल 2021 के पहले 9 महीने में कोलकाता में 35,149 घर बिके हैं। 2020 की इसी अवधि में बिके घरों की तुलना में यह 102% ज्यादा है। सबसे ज्यादा बिक्री 1 हजार वर्ग फुट और इससे ज्यादा एरिया वाले घरों की रही है। तीसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के दौरान 1 हजार वर्ग फुट वाले घरों के रजिस्ट्रेशन में 403% का उछाल देखा गया है। जुलाई-सितंबर 2021 के दौरान कुल 15,160 घर बिके हैँ। सालाना आधार पर इसमें 122% की तेजी रही। जुलाई से सितंबर 2020 की तुलना में 2021 की जुलाई में 39%, अगस्त में 268% और सितंबर में 80% ज्यादा घरों की बिक्री रही है। 

NCR में त्योहारी सीजन के तीन महीने में 16 हजार नए घरों की बिक्री होगी। यह 2020 की तुलना में 50% ज्यादा रहेगा। जानकारों के मुताबिक, देश के आवासीय रियल इस्टेट बाजार में मजबूत मांग इस समय है। खासकर अपार्टमेंट, इंडिपेंडेंट फ्लोर्स, विला और प्लॉट्स को लेकर डिमांड काफी आ रही है। त्योहारी सीजन में लोग घरों की तलाश कर रहे हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *