अब सस्ता लोन नहीं मिलेगा, 20 सालों में सबसे कम ब्याज की दरें अब बढ़ेंगी
मुंबई- पिछले कुछ समय से भले ही आप सस्ते लोन का फायदा ले रहे हों, लेकिन अब यह दौर खत्म होने वाला है। अगले 6-8 महीनों के बाद ब्याज दरें फिर से ऊपर की ओर जा सकती हैं। हालांकि तब तक यह ब्याज दरें मौजूदा स्तर पर ही रहेंगी। फिलहाल ब्याज दरें 6.69 से लेकर 10% तक अलग-अलग लोन पर हैं।
ब्याज दरों में बढ़त इसलिए होगी क्योंकि ग्लोबल आर्थिक व्यवस्था में सुधार, महंगाई में कमी और कोरोना का असर कम होने की संभावना है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री समीर नारंग कहते हैं कि अभी ब्याज दरें कुछ समय तक के लिए स्थिर रहेंगी। हालांकि जैसा कि घरेलू और वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार दिख रहा है, उससे अगले वित्त वर्ष में दोनों अर्थव्यवस्था में ब्याज दरें ऊपर की ओर जानी शुरू हो जाएंगी। जानकार कहते हैं कि कम से कम दो तिहाई तक ब्याज दरें मौजूदा स्तर पर ही स्थिर रहेंगी। जब तक कोविड से रिकवरी नहीं होगी, तब तक RBI इसे नहीं बढ़ाएगा। ऐसी उम्मीद है कि अप्रैल से ब्याज दरें ऊपर जानी शुरू हो जाएंगी।
विश्लेषकों का मानना है कि भारतीय रिजर्व बैंक 2022 की पहली छमाही यानी जनवरी से जून के बीच दरों को बढ़ा सकता है। जुलाई में महंगाई की दर 5.6% रही है। यह दो महीने के ऊपरी स्तर से नीचे है। रिजर्व बैंक का लक्ष्य महंगाई को 6% से नीचे रखने का है और यह उसके लक्ष्य से भी कम है।
रिजर्व बैंक लगातार नीतिगत दरों को नीचे बनाए रखा है। देश के सकल घरेलू उत्पादन (GDP) में सुधार होता दिख रहा है। पिछले साल इसमें 27% की गिरावट आई थी। जबकि इस साल की पहली तिमाही में यह 7.5% गिरी है। अभी होम लोन 6.69% पर है जबकि कार लोन 7.5% पर मिल रहा है। पर्सनल लोन 10% पर मिल रहा है। पिछले साल से लोन की दरें 20 साल के निचले स्तर पर हैं। हालांकि जब ब्याज की दरें बढ़ेंगी तो फिर आपकी डिपॉजिट पर भी ब्याज दरें ज्यादा मिलेंगी।