BHEL में 5% हिस्सेदारी बेचने जा रही सरकार, ₹254 फ्लोर प्राइस पर खुला OFS
मुंबई- केंद्र सरकार BHEL यानी, भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लि. में अपनी हिस्सेदारी बेचने जा रही है। इसमें ऑफर फॉर सेल के जरिए 3% हिस्सा बेचेगी। ग्रीन शू ऑप्शन के जरिए 2% अतिरिक्त हिस्सा बेचने का विकल्प भी रखा गया है। इस तरह सरकार कुल 5% हिस्सेदारी बेच सकती है।
यह OFS 11 फरवरी को खुल गया है। 12 फरवरी तक इसमें निवेश कर सकते हैं। इसके लिए ₹254 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है, जो मंगलवार को बाजार बंद होने की कीमत 276 रुपए से 8% कम है। कल इसका शेयर 6% नीचे 260 रुपए पर ट्रेड कर रहा था।
नॉन-रिटेल निवेशकों के लिए यह ऑफर बुधवार, 11 फरवरी को खुल गया है। रिटेल निवेशक 12 फरवरी को सुबह 9:15 बजे से 3:30 बजे बोली लगा सकेंगे। कुल 5% की हिस्सेदारी बिक्री से सरकार करीब ₹4,422 करोड़ जुटाना चाहती है।
वर्तमान में BHEL की प्रमोटर भारत सरकार है। सरकार की कंपनी में कुल 63.17% हिस्सेदारी है। इस 5% हिस्सेदारी की बिक्री के बाद भी कंपनी पर सरकार का नियंत्रण बना रहेगा। विनिवेश के तहत सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य विकास के कामों के लिए फंड जुटा रही है।
BHEL का दिसंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 206% बढ़कर ₹382 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹125 करोड़ था।
कंपनी का रेवेन्यू भी 16% बढ़कर ₹8,473 करोड़ पर पहुंच गया। कामकाज में सुधार और ऑपरेशंस पर बेहतर पकड़ के चलते कंपनी के मुनाफा बढ़ा है।

