सराफा बाजार में भूचाल, चांदी एक दिन में 30,300 रुपये टूटी, सोना भी 4,500 रुपये सस्ता
मुंबई- राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में गुरुवार को कीमती धातुओं के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान चांदी की कीमत 10 फीसदी भरभराकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। वहीं, सोना 1.6 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम होगया। अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 30,300 रुपये यानी 10.16 फीसदी लुढ़ककर 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई। बुधवार को यह सफेद धातु 2,98,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 4,500 रुपये यानी करीब तीन फीसद टूटकर 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गया। पिछले सत्र में यह 1,65,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
गुरुवार को सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट आई। इससे दो दिन से जारी तेजी का रुख पलट गया। कीमती धातुओं को दोबारा बिकवाली का दबाव और बढ़ी हुई अस्थिरता का सामना करना पड़ा। यह गिरावट मजबूत डॉलर, फेडरल रिजर्व के अधिकारी की सख्त टिप्पणियों और सुरक्षित निवेश की मांग में कमी के बीच आई। इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सराफा कीमतों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। इसमें चांदी और सोना 13 फीसदी तक लुढ़क गए। हाजिर चांदी 11.94 डॉलर यानी 13.54 फीसदी टूटकर 76.26 डॉलर प्रति औंस रह गई। वहीं, सोना 137.32 डॉलर यानी 2.77 फीसदी लुढ़ककर 4,826.99 डॉलर प्रति औंस रह गया।

