चीन की एंट को यूपीआई के लिए मिल सकती है मंजूरी, सरकार की योजना
मुंबई-चीन की एंट इंटरनेशनल के डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म अलीपे प्लस को यूपीआई के लिए मंजूरी मिल सकती है। भारत इस सबंध में बातचीत कर रहा है। इस कदम से भारतीय पर्यटकों के लिए भुगतान आसान हो जाएगा क्योंकि वे अलीपे प्लस से जुड़े देशों के व्यापारियों के साथ यूपीआई का उपयोग कर सकेंगे।
भारतीय सरकार और आरबीआई के अधिकारियों व सिंगापुर की एंट इंटरनेशनल के बीच हो रही बातचीत चीन के साथ संबंधों में और मजबूती का संकेत देती है। अलीपे प्लस के 100 से अधिक बाजारों में 15 करोड़ से अधिक व्यापारियों के साथ 1.8 अरब यूजर्स खाते हैं। कंपनी की एशिया, यूरोप, मध्य पूर्व और लैटिन अमेरिका में मजबूत उपस्थिति है।
सरकार और केंद्रीय बैंक सीमा पार भुगतान की सुविधा देने के इच्छुक हैं, ताकि भारतीय यात्रियों और प्रवासी भारतीयों को भारतीय रुपये में भुगतान करने में मदद मिल सके और सीमा पार भुगतान से जुड़ी असुविधाओं और लागतों को कम किया जा सके। अलीपे को मंजूरी देने का अंतिम निर्णय सुरक्षा संबंधी विचारों के बाद लिया जाएगा। अलीपे की जड़ें चीन में होने के कारण भू-राजनीतिक स्थिति और देश के डिजिटल बुनियादी ढांचे और डाटा की सुरक्षा के संदर्भ में कुछ संवेदनशीलताएं शामिल हैं। भारत ने 2020 में सीमा विवाद के बाद से चीनी निवेशकों पर सख्त निवेश नियम लागू किए हैं।

