शेयर बाजार पांच दिन में करीब 2,200 अंक टूटा, 13 लाख करोड़ रुपये की लग गई चपत
मुंबई-घरेलू शेयर आज लगातार पांचवें दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। पूरे हफ्ते सेंसेक्स में करीब 2,200 अंक की गिरावट आई जबकि निफ्टी इस दौरान 2.5 फीसदी गिर गया। यह बाजार के लिए सितंबर के बाद सबसे खराब हफ्ता रहा। इस गिरावट से निवेशकों को करीब 13 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी है। केवल शुक्रवार की गिरावट से निवेशकों के 4 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए।
शुक्रवार को बाजार पॉजिटिव खुला था लेकिन अमेरिका से आए एक बयान से मामला पलट गया। अमेरिका के कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक ने दावा किया है कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील इसलिए फाइनल नहीं हो पाई क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन नहीं किया। इससे शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स 604.72 अंक यानी 0.72% गिरावट के साथ 83,576.24 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 193.55 अंक यानी 0.75% की गिरावट के साथ 25,683.30 अंक पर आ गया।
इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स में 780 अंक की गिरावट आई थी। हफ्ते के अंतिम दिन सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 गिरावट के साथ बंद हुए। एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट आई। दूसरी ओर एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक और बीईएल में तेजी रही। हॉवर्ड लुटनिक ने भारत के साथ ट्रेड डील पर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि भारत के साथ ट्रेड डील इसलिए पूरा नहीं हो सकी है क्योंकि मोदी ने ट्रंप को फोन नहीं किया।

