रूस से तीन सप्ताह से कोई भी तेल नहीं खरीदा, जनवरी में भी उम्मीद नहीं : रिलायंस  इंडस्ट्रीज

मुंबई- हाल तक रूस से तेल खरीदने वाली भारत की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. ने कहा कि उसे लगभग तीन सप्ताह से रूस से तेल प्राप्त नहीं हुआ है। जनवरी में भी इसकी प्राप्ति की कोई उम्मीद नहीं है। 20 नवंबर, 2025 को रिलायंस ने कहा था कि उसने यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों का अनुपालन करने के लिए गुजरात के जामनगर स्थित अपनी निर्यात आधारित रिफाइनरी में रूसी कच्चे तेल का उपयोग बंद कर दिया है।

रिलायंस भारत में रूस से तेल खरीदने वाली सबसे बड़ी कंपनी थी। वह जामनगर के अपने तेल शोधन परिसर में कच्चे तेल को रिफाइंड करके पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधनों में परिवर्तित करती थी। इस परिसर में दो रिफाइनरियां हैं। इसमें एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) इकाई, जहां से यूरोपीय संघ, अमेरिका और अन्य बाजारों में ईंधन निर्यात किया जाता है। एक पुरानी इकाई जो मुख्य रूप से घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करती है। यूरोपीय संघ रिलायंस के लिए एक बड़ा बाजार है। इसने रूस के ऊर्जा राजस्व को निशाना बनाते हुए व्यापक प्रतिबंध लगाए हैं।

इन प्रतिबंधों का पालन करने के लिए रिलायंस ने अपने केवल निर्यात के लिए बने (एसईजेड) रिफाइनरी में रूसी कच्चे तेल का प्रसंस्करण बंद कर दिया था। कंपनी ने मंगलवाप को उस रिपोर्ट को पूरी तरह से असत्य बताया जिसमें दावा किया गया था कि रूसी तेल से लदे तीन जहाज रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी के लिए तैयार किए जा रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि लगभग 22 लाख बैरल यूराल (रूसी कच्चे तेल का एक ग्रेड) से लदे कम से कम तीन टैंकर सिक्का बंदरगाह की ओर जा रहे थे। इसके माध्यम से जामनगर रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स अपने कच्चे तेल के आयात का एक बड़ा हिस्सा प्राप्त करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *