रिलायंस फिर से शुरू करेगी रूसी तेल का आयात: जामनगर रिफाइनरी के लिए होगी खरीद

मुंबई- मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने एक बार फिर रूस से कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) का आयात शुरू कर दिया है। कंपनी ने गुजरात के जामनगर स्थित अपनी दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी के लिए रूसी तेल की खरीदारी फिर से शुरू की है। खास बात यह है कि रिलायंस को इसके लिए अमेरिका से एक महीने की विशेष छूट मिली है। पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के डर से रिलायंस ने हाल में रूसी तेल के आयात को सीमित कर दिया था।

सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी सरकार ने रिलायंस को रूस की सरकारी कंपनी ‘रोजनेफ्ट’ (Rosneft) से तेल खरीदने के लिए एक महीने की मोहलत दी है। इससे पहले अमेरिका ने अक्टूबर में रोजनेफ्ट और लुकोइल जैसी रूसी कंपनियों पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे और विदेशी कंपनियों को 21 नवंबर तक अपने पुराने सौदे निपटाने का समय दिया था। अब रिलायंस को मिली इस अतिरिक्त राहत के बाद नवंबर के आखिरी हफ्ते से अब तक करीब 15 रूसी जहाजों ने जामनगर में कच्चा तेल पहुंचाया है।

रिलायंस ने प्रतिबंधों के बीच एक बीच का रास्ता निकाला है। जामनगर कॉम्प्लेक्स में दो रिफाइनरियां हैं। एक SEZ रिफाइनरी है जहां से तेल यूरोप और अमेरिका को एक्सपोर्ट किया जाता है, और दूसरी डोमेस्टिक (DTA) रिफाइनरी है जो भारत के बाजार के लिए तेल बनाती है। कंपनी ने साफ किया है कि अब जो रूसी तेल आ रहा है, उसे केवल घरेलू यूनिट (DTA) में ही प्रोसेस किया जाएगा। इससे कंपनी यूरोप के उन नियमों से बच सकेगी जो रूसी तेल से बने पेट्रोल-डीजल के आयात पर रोक लगाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *