निर्यात में लगातार तीसरे महीने आई गिरावट, जनवरी में 2.38 फीसदी घटा
मुंबई- पेट्रोलियम कीमतों में अस्थिरता और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण जनवरी में लगातार तीसरे महीने भारत का निर्यात 2.38 प्रतिशत घटकर 37.32 अरब डॉलर रह गया। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सालाना आधार पर आयात 10.28 फीसदी बढ़कर 59.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जिससे व्यापार घाटा बढ़कर 22.99 अरब डॉलर हो गया।
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जनवरी के दौरान निर्यात 1.39 प्रतिशत बढ़कर 358.91 अरब डॉलर और आयात 7.43 प्रतिशत बढ़कर 601.9 अरब डॉलर हो गया। दस महीने की अवधि के दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 242.99 अरब डॉलर हो गया। आयात और निर्यात के बीच के अंतर को व्यापार घाटा कहते हैं। जबकि दिसंबर में घाटा 21.94 अरब डॉलर और पिछले साल जनवरी में 16.55 अरब डॉलर था।
वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा, दुनिया में आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत का निर्यात माल और सेवा दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जनवरी में इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, चावल और रत्न एवं आभूषण जैसे क्षेत्र में बेहतर वृद्धि रही है। भारत का माल और सेवाओं का निर्यात 2025-25 में 800 अरब डॉलर को पार कर जाएगा। 2023-24 में यह 778 अरब डॉलर था।
जनवरी में देश का सोने का आयात पिछले साल के समान महीने के 1.9 अरब डॉलर से बढ़कर 2.68 अरब डॉलर हो गया। दिसंबर 2024 में यह 4.7 अरब डॉलर था। कच्चे तेल का आयात जनवरी 2024 में 16.56 अरब डॉलर से गिरकर 13.43 अरब डॉलर हो गया। दिसंबर 2024 में यह 15.27 अरब डॉलर था।

