एपल का भारत में रिकॉर्ड 95 अरब डॉलर का राजस्व, कुल राजस्व 391 अरब डॉलर
मुंबई- आईफोन निर्माता एपल ने भारत में सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड 94.93 अरब डॉलर का राजस्व हासिल किया है। एक साल पहले समान तिमाही के 89.49 अरब डॉलर की तुलना में यह छह फीसदी अधिक है। इस दौरान आईपैड की बिक्री 8 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है। कंपनी का कुल राजस्व वित्त वर्ष की समाप्ति पर दो फीसदी तेजी के साथ 391 अरब डॉलर रहा है।
कंपनी के सीईओ टिम कुक ने कहा, हमने अमेरिका, यूरोप और शेष एशिया प्रशांत के साथ-साथ ब्राजील, मैक्सिको, फ्रांस, ब्रिटेन, मलयेशिया, थाईलैंड, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात व कोरिया सहित कई देशों में इस बार रिकॉर्ड राजस्व हासिल किया है। हम भारत में जो उत्साह देख रहे हैं, उससे हम उत्साहित हैं।
कुक ने कहा, हम भारत में चार नए स्टोर खोलने की तैयारी में हैं। ये स्टोर पुणे, मुंबई, दिल्ली-एनसीआर और बंगलूरू में होंगे। फिलहाल मुंबई और दिल्ली में स्टोर हैं। काउंटरप्वाइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर तिमाही में मूल्य के लिहाज से आईफोन की बाजार हिस्सेदारी 21.6 प्रतिशत थी। उत्पादों की बिक्री से एपल का राजस्व 4.12 प्रतिशत बढ़कर 69.95 अरब डॉलर रहा है। आईफोन की बिक्री लगभग 5.5 प्रतिशत बढ़कर 46.22 अरब डॉलर रही है। एक साल पहले 43.8 अरब डॉलर थी।
सालाना आधार पर सेवाओं की बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 24.97 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई। आईपैड की बिक्री 6.44 अरब डॉलर से 8 प्रतिशत बढ़कर 6.95 अरब डॉलर हो गई।