रिलायंस रिटेल व ब्रिटिश पार्टनर के बीच तलाक, दो साल भी नहीं चला समझौता

मुंबई- भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस रिटेल और उसकी एक ब्रिटिश पार्टनर ने अपनी पार्टनरशिप खत्म कर दी है। ब्रिटेन के जाने-माने फुटवियर ब्रांड क्लार्क्स और रिलायंस रिटेल ने दो साल पहले जॉइंट वेंचर बनाया था।

सूत्रों ने बताया कि साझेदारी की शर्तों को लेकर दोनों कंपनियों के बीच मतभेद उभरे थे। इस कारण यह जॉइंट वेंचर काम नहीं कर पा रहा था। यही कारण है कि दोनों कंपनियों ने इस पार्टनरशिप को खत्म कर दिया है। देश की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल ने इस बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया। क्लार्क्स से भी कमेंट के लिए तुरंत संपर्क नहीं किया जा सका।

सूत्रों का कहना है कि ब्रिटिश फुटवियर ब्रांड ने लगभग 10 दिन पहले इनऑर्बिट मॉल में अपने स्टोर बंद कर दिए थे। हाल ही में उसने डीएलएफ मॉल में भी अपने स्टोर बंद कर दिए हैं। ब्रांड की वेबसाइट के अनुसार क्लार्क्स ने रिलायंस रिटेल के साथ साझेदारी में भारत में मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद जैसे शहरों में 30 से अधिक स्टोर खोले थे। ब्रांड के डीएलएफ, इनऑर्बिट, लुलु और फीनिक्स मॉल में स्टोर्स हैं।

भारत में एंट्री करने वाले प्रमुख ग्लोबल ब्रांड्स की पहली पसंद रिलायंस रिटेल है। इसकी वजह यह है कि कंपनी को भारतीय बाजार की गहरी समझ है। साथ ही उसके पास व्यापक संसाधन हैं। क्लार्क्स पिछले एक दशक से भी अधिक समय से भारत में बिजनस कर रहा है। उसने साल 2011 में किशोर बियानी के नेतृत्व वाले फ्यूचर ग्रुप के साथ जॉइंट वेंचर बनाया था। फ्यूचर ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी फ्यूचर रिटेल दिवालिया हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *