तत्काल टिकटों से रेलवे ने कमाए अरबों रुपये, रेलमंत्री ने दी कमाई की जानकारी
मुंबई- वित्त वर्ष 2018-19 से 2022-23 तक रेलवे की कुल कमाई का लगभग 5 फीसदी फ्लेक्सी फेयर, तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकटों से आया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में बताया, 2018-19 से 2022-23 के दौरान फ्लेक्सी फेयर, तत्काल और प्रीमियम तत्काल से रेलवे की कुल कमाई यात्री सेवाओं से हुई कुल कमाई का लगभग 5% है।
इसके अलावा यात्रियों की ओर से टिकट रद्द करने पर जमा की गई राशि का अलग से हिसाब नहीं रखा जाता है। उन्होंने कहा, ‘वेटिंग लिस्ट टिकट के मामले में लागू क्लर्केज चार्जेस को छोड़कर पूरा रिफंड दिया जाता है।’ सरकारी GeM पोर्टल से सामान और सेवाओं की सार्वजनिक खरीद 30 जुलाई तक 9.82 लाख करोड़ रुपये को पार कर गई है। सरकारी ई-मार्केट (GeM) पोर्टल को सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की ओर से सामान और सेवाओं की ऑनलाइन खरीद के लिए 9 अगस्त, 2016 को लॉन्च किया गया था।
वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि GeM ने 2016-17 में 422 करोड़ रुपये की खरीद के साथ अपनी यात्रा शुरू की थी। पिछले वित्तीय वर्ष में यह 4 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया था। उन्होंने कहा, ‘GeM पर अपनी स्थापना के बाद से वस्तुओं और सेवाओं के लिए संचयी सकल व्यापारिक मूल्य 30 जुलाई, 2024 तक 9.82 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।’