इस अरबपति का 10,000 करोड़ रुपये का शेयर गायब, मामला कोर्ट में पहुंचा

मुंबई-एक अरबपति ने अपने माली को 10 हजार करोड़ रुपये के शेयर तोहफे में देने का वादा किया था। लेकिन, अब ये गायब हो गए हैं। यह मामला फ्रांस की मशहूर फैशन कंपनी हरमेज (Hermes) के वारिस निकोलस प्यूच से जुड़ा है। उनकी गिनती दिग्‍गज उद्योगपतियों में होती है।

पिछले साल जब हरमेज ने अपने पूर्व माली को आधी संपत्ति देने की बात कही तो यह सुर्खियों में आ गया था। हरमेज के संस्थापक थियरी हरमेज के उत्तराधिकारी 81 साल के निकोलस प्यूच ने अपने इस माली को देने के लिए कंपनी के 60 लाख शेयर रखे थे। इन शेयरों की कीमत 10 हजार करोड़ रुपये थी। अब निकोलस ने अदालत में दावा किया है कि ये सारे शेयर गायब हो गए हैं।

निकोलस ने अपने पूर्व वेल्थ मैनेजर पर आरोप लगाया है कि उसने ये शेयर गायब किए हैं। यह मैनेजर पिछले 20 सालों से उनके लिए काम कर रहा था। लेकिन, स्विट्जरलैंड की एक अदालत ने निकोलस के दावों को खारिज कर दिया है। अदालत का कहना है कि निकोलस धोखाधड़ी का कोई सबूत पेश नहीं कर पाए हैं। अदालत ने कहा, ‘जिस बड़े फ्रॉड का शिकार होने का दावा निकोलस कर रहे हैं, वह आम इंसान के समझ से परे है।’ ये शेयर 2012 में जिनेवा के एक बैंक में रखे गए थे। अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये शेयर कहां गए।

निकोलस प्यूच के कोई संतान नहीं है। उन्होंने अपने पूर्व माली को अपनी आधी संपत्ति देने का वादा किया था। इस माली को वह गोद लेने की योजना बना रहे थे। खबरों के मुताबिक, उन्होंने 2023 में कहा था कि वह अपने पूर्व माली को संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा देना चाहते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, निकोलस के पास Hermes के 5.7% शेयर हैं, जो उन्हें कंपनी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत शेयरधारक बनाता है। फोर्ब्स के मुताबिक, निकोलस की कुल संपत्ति लगभग 11.7 अरब डॉलर है। वह दुनिया के 161वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *