अदाणी समूह ला सकता है 25,000 करोड़ का आईपीओ, यह कंपनी होगी लिस्ट
मुंबई- अडाणी ग्रुप अपनी एक और कंपनी अडाणी एयरपोर्ट्स को शेयर बाजार में लिस्ट कराने की योजना बना रहा है। कंपनी इसके जरिए 16 से 25 हजार करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। कंपनी वित्त वर्ष 2027-28 तक IPO की प्रोसेस को पूरा करना चाहती है। अडाणी एयरपोर्ट्स देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट ऑपरेटर कंपनी है।
अभी उसके पास देश के 7 एयरपोर्ट की कमान है। इनमें मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर, मंगलुरू, गुवाहाटी और तिरुवंतपुरम एयरपोर्ट शामिल हैं। इनके मैनेजमेंट अडाणी ग्रुप के पास ही है। 2019 में बिडिंग में मिली जीत के बाद ग्रुप के पास इन एयरपोर्ट को ऑपरेट करने की जिम्मेदारी अगले 50 सालों तक की है।
फिलहाल अडाणी ग्रुप की कुल 10 कंपनियां शेयर मार्केट में लिस्टेड हैं। इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 16.94 लाख करोड़ रुपए है। मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज अडाणी एंटरप्राइजेज, ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी है। इसका मार्केट कैप 3.61 लाख करोड़ रुपए है।
अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। फोर्ब्स के अनुसार उनकी नेटवर्थ 7.08 लाख करोड़ रुपए है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में वे 19वें नंबर पर हैं। रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर और दुनिया के 11वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनकी नेटवर्थ 9.54 लाख करोड़ रुपए है।