बिक गया ट्विटर, मस्क ने खरीदा 3,368 अरब रुपये में
मुंबई- टेस्ला CEO एलन मस्क ट्विटर के नए मालिक बन गए हैं। मस्क ने इस माइक्रो ब्लॉगिंग साइट को खरीदने के लिए 44 बिलियन डॉलर यानी 3368 अरब रुपए की डील की हैं। ट्विटर के इंडिपेंडेंट बोर्ड के चेयरमैन ब्रेट टेलर ने भारतीय समय के मुताबिक रात 12 बजकर 24 मिनट पर एक प्रेस रिलीज में मस्क के साथ हुई डील के बारे में जानकारी दी।
मस्क को ट्विटर के हर शेयर के लिए 54.20 डॉलर (4148 रुपए) चुकाने होंगे। उनके पास पहले से ही ट्विटर में 9% की हिस्सेदारी मौजूद है। वे ट्विटर के सबसे बड़े शेयर होल्डर हैं। उनके पास कंपनी की 100% हिस्सेदारी होगी और ट्विटर उनकी प्राइवेट कंपनी बन जाएगी।
एलन मस्क के मालिकाना हक वाली कंपनी बनने के बाद ट्विटर के सभी शेयर होल्डर्स को हर शेयर के बदले 54.20 डॉलर यानी 4148 रुपए कैश मिलेंगे। शेयर की यह कीमत मस्क के ट्विटर में 9% की हिस्सेदारी का खुलासा करने से पहले के मुकाबले 38% ज्यादा है।
मस्क ने पिछले हफ्ते कहा था कि उन्होंने ट्विटर को खरीदने के लिए 46.5 बिलियन डॉलर के फाइनेंस का इंतजाम किया है। इसके बाद ट्विटर के बोर्ड ने मस्क के ऑफर पर नए सिरे से विचार किया। रविवार को मस्क के ऑफर पर चर्चा के लिए ट्विटर के बोर्ड की अहम बैठक भी हुई थी।
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुनियाभर में इसके 21.7 करोड़ एक्टिव यूजर्स हैं। इनमें सबसे ज्यादा 7.7 करोड़ अमेरिका में हैं। दूसरे नंबर जापान है, जहां 5.8 करोड़ लोग ट्विटर इस्तेमाल करते हैं। वहीं, 2.4 करोड़ यूजर्स के साथ भारत का नंबर तीसरा है।
दुनियाभर में हर दिन करीब 50 करोड़ ट्वीट किए जाते हैं। खास बात यह है कि ट्विटर के 38% यूजर्स युवा हैं। इनकी उम्र 25 से 30 साल के बीच है। हर व्यक्ति के औसतन 707 फॉलोअर्स हैं। अगर इन सभी आंकड़ों को मिला दें, तो दुनियाभर में ट्विटर से किसी न किसी रूप में जुड़े लोगों का आंकड़ा 21.7 करोड़ से कहीं ऊपर निकल जाता है।