TCS के बायबैक का रिकॉर्ड डेट 23 फरवरी होगा, कमाई का शानदार मौका  

मुंबई- टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS)  ने शेयर्स के वापस खरीदने के लिए 23 फरवरी का रिकॉर्ड डेट तय कर दिया है। यानी इस तारीख आपके पास इसका शेयर होगा तो आप उसे बायबैक में बेच सकते हैं।  

कल शेयर बाजार में भारी गिरावट के बावजूद यह शेयर ऊपर कारोबार कर रहा है। यह कंपनी का चौथा और पांच साल में सबसे बड़ा बायबैक प्रोग्राम है। अगर आपके पास टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) का शेयर है तो आप अगले 3 महीने में 20% तक का मुनाफा कमा सकते हैं। इसके लिए आपके पास इस कंपनी का 44 स्टॉक होना जरूरी है। कंपनी के बोर्ड ने 12 जनवरी को इसे मंजूरी दी थी।  

कंपनी ने कहा कि वह 18 हजार करोड़ रुपए के शेयर को खरीदेगी। यानी 4 करोड़ से ज्यादा स्टॉक वापस लिए जाएंगे। इसमें 60 लाख शेयर्स या 15% हिस्सा रिटेल निवेशकों से लिया जाएगा। रिटेल निवेशक का मतलब वे निवेशक, जिनके पास 2 लाख रुपए से कम के शेयर्स होंगे। 

TCS देश की सबसे बड़ी IT कंपनी है। दुनिया में यह दूसरे नंबर पर आती है। इसका मार्केट कैप 14.05 लाख करोड़ रुपए है। मंगलवार को इसके भाव में डेढ़ पर्सेंट का उछाल देखा गया। कंपनी लगातार फायदा कमाने वाली रही है और शेयर्स को वापस खरीदती भी है। कंपनी ने इससे पहले 2020 में दिसंबर में बायबैक लाया था। इसने 16 हजार करोड़ रुपए मूल्य के शेयरों का बायबैक की थी। उस समय उसका मार्केट कैप पहली बार 10.87 लाख करोड़ रुपए के पार गया था।  

दरअसल, TCS ने पिछले महीने रिजल्ट के समय अपने शेयर्स को निवेशकों से वापस खरीदने की घोषणा की थी। कंपनी 4,500 रुपए के भाव पर इसे वापस लेगी। जबकि इसकी कीमत अभी 3,760 रुपए प्रति शेयर है। इसका मतलब यह हुआ कि आपको हर शेयर पर करीबन 740 रुपए का फायदा मिलेगा। 

मान लीजिए आपके पास कंपनी के 44 शेयर्स हैं और इनका मूल्य 1.67 लाख रुपए है। अगर आप इसमें से कंपनी को 15 स्टॉक वापस देते हैं तो आपको 67,500 रुपए के करीब पेआउट मिलेगा। जबकि अभी के भाव से 15 स्टॉक का पैसा 56,970 रुपए होता है। इस तरह से आपको 10,530 रुपए का फायदा होगा, जो 6.80% होगा। 

अब दूसरा गणित देखते हैं। अगर आप 44 में से 28 शेयर कंपनी को देते हैं तो इसकी कुल कीमत 1.26 लाख रुपए होगी। जबकि आज के भाव पर आपको कुल 106,344 रुपए लगाने होंगे। यानी आपको 19,656 रुपए का फायदा मिलेगा जो 12.80% हो सकता है। 

इसी तरह से अगर आप पूरा 44 शेयर्स कंपनी को दे देते हैं तो आपको कुल 1.98 लाख रुपए मिलेगा। जबकि इतने ही स्टॉक आप खरीदते हैं तो आपको इसके लिए 167,112 लाख रुपए देने होंगे। यानी आपको 30,888 हजार रुपए का फायदा मिलेगा जो 20.30% हो सकता है। 

इस तरह से देखा जाए तो तीन महीने में आपको इस स्टॉक से 20% का मुनाफा मिल सकता है और यह पूरी तरह से सुनिश्चित है क्योंकि कंपनी ने पहली ही बायबैक के समय शेयर्स की कीमत भी तय कर दी है। हालांकि सोमवार को इस स्टॉक की कीमत 3,737 रुपए थी। अगर आप उस दिन खरीदते तो आपको और ज्यादा फायदा हो सकता था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *