शेयर बाजार में 4 दिनों में निवेशकों के 9 लाख करोड़ डूबे, आज भारी गिरावट
मुंबई- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 650 पॉइंट्स गिर कर 58,809 पर पहुंच गया है। पहले मिनट में निवेशकों के करीबन 2.5 लाख करोड़ रुपए डूब गए हैं। पिछले चार दिनों में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 9 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। सोमवार को यह 280 लाख करोड़ रुपए था, जो आज 270.77 लाख करोड़ रुपए रह गया है।
मंगलवार से लेकर अब तक के चार दिनों में सेंसेक्स में 2,500 अंकों की गिरावट आई है। मंगलवार को 554 अंक बाजार गिरा तो बुधवार को 656 और गुरुवार को 634 पॉइंट्स गिरकर बंद हुआ। IT कंपनियों के शेयर्स की जमकर पिटाई हो रही है। इनके स्टॉक 4 दिनों में 7% तक टूट गए हैं।
एचसीएल टेक 7%, इंफोसिस 6%, विप्रो 5% और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस का शेयर 5% गिर चुका है। इसी दौरान निफ्टी का IT इंडेक्स 6%, एफएमसीजी 4% और फार्मा इंडेक्स 3% तक गिरे हैं। इस गिरावट से बाजार 20 दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया है।
आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 425 अंक नीचे 59,039 पर खुला था और खुलते ही यह पहले मिनट में 600 पॉइंट्स तक गिर गया। इसने पहले घंटे में 58,756 का निचला और 59,040 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके 30 स्टॉक में से 28 गिरावट में और 2 केवल बढ़त में हैं।
गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में बजाज फिनसर्व 3% से ज्यादा टूटा है। कल यह 4.5% गिरा था। यानी दो दिनों में इसमें करीबन 8% की गिरावट आई है। इसके साथ ही डॉ. रेड्डी, इंफोसिस, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, टाइटन, विप्रो के शेयर भी 1 से 2% नीचे कारोबार कर रहे हैं।
इनके अलावा ICICI बैंक, HCL टेक, एशियन पेंट्स, रिलायंस, टाटा स्टील, HDFC बैंक, नेस्ले, एयरटेल के भी शेयर गिरावट में हैं। सेंसेक्स के 183 शेयर अपर और 229 लोअर सर्किट में कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब यह है कि एक दिन में इनके भाव में एक तय सीमा से ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हो सकता है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 224 पॉइंट्स गिरकर 17,532 पर कारोबार कर रहा है। यह आज 17,613 पर खुला था और 17,532 का निचला तथा 17,636 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके नेक्स्ट 50, मिडकैप, फाइनेंशियल और बैंकिंग इंडेक्स में भारी गिरावट है।
निफ्टी के 50 शेयर्स में से 48 नीचे और 2 ऊपर कारोबार कर रहे हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में केवल यूनिलीवर और पावरग्रिड हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, कोल इंडिया, डॉ. रेड्डी और इंफोसिस हैं।