300 अरब डॉलर की संपत्ति वाले पहले अमीर बने एलन मस्क, टेस्ला कंपनी के सीईओ हैं मस्क
मुंबई- इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला के CEO एलन मस्क दुनिया के पहले ऐसे अमीर बन गए हैं जिनकी नेटवर्थ 300 अरब डॉलर हो गई है। इसका कारण यह है कि उनकी कंपनी के शेयर्स की कीमतों में आई बढ़त से उनकी संपत्ति एक दिन में 10 अरब डॉलर बढ़ गई।
दरअसल पिछले हफ्ते शुक्रवार को टेस्ला के शेयर्स की कीमतें जबरदस्त बढ़ी थीं। इसकी वजह से एलन मस्क की नेटवर्थ में अच्छी खासी बढ़त आई है। यह उपलब्धि उन्होंने तब हासिल की, जब एक दिन बाद माइक्रोसॉफ्ट सबसे ज्यादा वैल्यूएशन वाली कंपनी बन गई। डेली मेल की एक रिपोर्ट के अनुसार, मस्क की नेटवर्थ इस समय 302 अरब डॉलर है।
खबर के मुताबिक, टेस्ला के शेयर्स की बढ़ी कीमत से मस्क की नेटवर्थ शुक्रवार को 10 अरब डॉलर बढ़ गई थी। शेयर्स की कीमत बढ़ने की वजह यह थी कि र्ह्टज ने टेस्ला की 1 लाख कार खरीदने का ऑर्डर दिया था। हर्टज किराए पर गाड़ियां चलाती है और उसने एक ही दिन में इतना बड़ा ऑर्डर दे दिया। हर्ट्ज ने यह ऑर्डर 26 अक्टूबर को दिया था।
एलन मस्क के बाद दूसरे नंबर पर अमेजन के जेफ बेजोस हैं। उनकी संपत्ति 199 अरब डॉलर है। यानी उनसे मस्क 100 अरब डॉलर आगे हो गए हैँ। जबकि कुछ समय पहले तक दोनों के बीच संपत्ति का अंतर 10-20 अरब डॉलर का हुआ करता था। अमेजन का मार्केट कैप 2.46 ट्रिलियन डॉलर है। एपल का मार्केट कैप 2.41 ट्रिलियन डॉलर है। एपल के शेयर्स की कीमतों में हाल में भारी गिरावट आई है। इसकी वजह से इसके मार्केट कैप पर भी असर देखा गया है।
चौथी तिमाही में खराब रिजल्ट के बाद एपल का शेयर पिछले हफ्ते 4%टूट गया था। माइक्रासॉफ्ट एपल के बाद आती है। इसका शेयर 1.1% पिछले हफ्ते टूटा था। माइक्रोसॉफ्ट एपल से ज्यादा मूल्यवान कंपनी है। साल 2020 की शुरुआत के बाद पहली बार यह एपल से आगे निकली है। इस साल जनवरी के बाद पिछले हफ्ते में इसका शेयर सबसे ज्यादा बढ़ा है।
मस्क की संपत्ति अब इजिप्ट, पुर्तगाल, ग्रीस, कतर और फिनलैंड जैसे देशों के सकल घरेलू उत्पादन यानी GDP से ज्यादा है। उनकी संपत्ति पेपल औऱ नेटफ्लिक्स के मार्केट कैप से भी ज्यादा है। जिस दिन हर्ट्ज ने मस्क की कंपनी को ऑर्डर दिया था, उस दिन उनकी संपत्ति 36 अरब डॉलर बढ़ी थी। जबकि टेस्ला का शेयर 13% उछला था। टेस्ला के शेयर की कीमत इस साल 45% बढ़ी है।