TPG राइज टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक कंपनी में 7,500 करोड का करेगी निवेश
मुंबई- टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी में TPG राइज 7,500 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए अलग से कंपनी बना रही है। इसी कंपनी में यह निवेश आएगा।
टाटा मोटर्स का शेयर मंगलवार को एक साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया। यह 420 रुपए पर बंद हुआ। हालांकि सोमवार को इसमें 8% की तेजी आई थी। एक महीने पहले शेयर का भाव 293 रुपए था जो अब 40% बढ़ चुका है। तीन दिनों में ही यह शेयर 24% बढ़ा है।
टाटा मोटर्स ने कहा कि नई कंपनी 5 करोड़ ए-1 कंपल्सरी कनवर्टिबल प्रफरेंसेस शेयर जारी करेगी। जबकि 2.5 करोड़ ए-2 कंपल्सरी कनवर्टिबल प्रफरेंसेस शेयर जारी करेगी। यह दोनों शेयर TPG को जारी किए जाएंगे। इसके एवज में TPG 7,500 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
टाटा मोटर्स ने ने कहा कि उसके बोर्ड ने TPG राइज के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए नई कंपनी बनाएगी। यह कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक बिजनेस को देखेगी। टाटा इलेक्ट्रिक व्हीकल में टेस्ला के साथ मुकाबला कर सकती है। टेस्ला भारत में आक्रामक प्लान के साथ आ रही है।
इस कनवर्टिबल शेयर के जरिए TPG राइज 11 से 15% हिस्सा नई बनने वाली कंपनी में लेगी। नई कंपनी का इक्विटी वैल्यूएशन 9.1 अरब डॉलर का होगा। TPG राइज टाटा इलेक्ट्रिकल व्हीकल कंपनी में अगले 18 महीने में यह पैसा डालेगी। टाटा मोटर्स की जब इलेक्ट्रिक कंपनी बन जाएगी तब टाटा मोटर्स और TPG राइज शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट बनाएंगे। इसमें प्रस्तावित ट्रांजेक्शन को लेकर शर्तें और नियम होंगे।
टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी में TPG राइज निवेश का पहला चरण मार्च 2022 तक पूरा कर सकती है। जबकि पूरा पैसा 2022 के अंत तक वह लगा सकती है। टाटा मोटर्स की इस डील के लिए मोर्गन स्टेनली और जेपी मोर्गन ज्वाइंट फाइनेंशियल एडवाइजर्स हैं। टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि TPG राइज के इस निवेश प्रस्ताव से हमें खुशी है। इसके जरिए इलेक्ट्रिक पैसेंजर मोबिलिटी बिजनेस में हम एक अच्छे बाजार का निर्माण करेंगे। हम इलेक्ट्रिक व्हीकल में लगातार निवेश करेंगे।