7-इलेवन का पहला स्टोर मुंबई में खुलेगा, रिलायंस के साथ की साझेदारी

मुंबई- दिग्गज अमेरिकी कंपनी 7-Eleven के कन्वीनियंस स्टोर रिलायंस रिटेल वेंचर्स खोलेगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की इस सब्सिडियरी ने इसके लिए 7-Eleven Inc (SEI) से मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया है। RIL ने बताया कि पहला 7-Eleven स्टोर मुंबई के अंधेरी में 9 अक्टूबर को खुलेगा।  

कंपनी ने कहा कि 7-Eleven स्टोर में ग्राहकों को बेहतरीन सामग्री मुहैया कराई जाएगी। यहां रोजमर्रा के इस्तेमाल के सामान के अलावा खाने-पीने की स्वादिष्ट चीजें मिलेंगी। रिलायंस रिटेल ने कहा कि SEI 7-Eleven के कन्वीनियंस रिटेल बिजनेस मॉडल को यहां की जरूरत के हिसाब से ढालने में मदद करेगी। वह कारोबार के सबसे अच्छे तरीकों को अपनाने में भी मदद करेगी। 

गौरतलब है कि फ्यूचर ग्रुप की सब्सिडियरी फ्यूचर रिटेल ने 7-Eleven के साथ हुआ मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट दो दिन पहले यानी मंगलवार को खत्म करने का ऐलान किया था। देशभर में 7-Eleven स्टोर खोलने का उसका प्लान दो साल से अटका हुआ था। अमेरिकी कंपनी के साथ फ्यूचर रिटेल का करार इसलिए परवान नहीं चढ़ पाया क्योंकि वह Future-7 स्टोर खोलने और मास्टर फ्रेंचाइजी फीस चुकाने में नाकाम रही थी। 

फ्यूचर रिटेल ने देशभर में 7-Eleven के स्टोर खोलने और चलाने के लिए 2019 में मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया था। पहला स्टोर 2020 की शुरुआत में खुलना था, लेकिन एक साल से ज्यादा बीतने के बाद भी एक स्टोर तक खुल पाया। फ्यूचर ग्रुप ने रिटेल बिजनेस मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के हाथों बेचने का करार किया था जो अमेरिकी ईकॉमर्स दिग्गज अमेजन के चुनौती देने से पूरा नहीं हो पाया। रिलायंस रिटेल ने इसी महीने एग्रीमेंट को छह महीने के लिए बढ़ा दिया था। 

अमेरिकी कंपनी 7-Eleven के 18 देशों में 77,000 से ज्यादा स्टोर चल रहे हैं। इन स्टोर्स को वह खुद ऑपरेट करती है या वे फ्रेंचाइजी और लाइसेंस बेसिस पर चलाई जाती हैं। इनमें रोजमर्रा के सामान के अलावा खाने-पीने के पैकेज्ड सामान और पर्सनल केयर प्रॉडक्ट भी बिकते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *