ओयो IPO से जुटाएगी 8,430 करोड़ रुपए, सेबी के जमा किया अर्जी

मुंबई- होटल बुकिंग ऐप ओयो होटल्स एंड होम्स ने मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास IPO के लिए अर्जी दे दी है। कंपनी इस IPO के जरिए 8,430 करोड़ रुपए जुटाएगी। ओयो ने पिछले हफ्ते ही मर्चेंट बैंकर्स की नियुक्ति की थी। मर्चेंट बैंकर्स में कोटक महिंद्रा कैपिटल, सिटीग्रुप, ICICI सिक्योरिटीज, नोमुरा और बैंक ऑफ अमेरिका हैं।  

कंपनी नए शेयर्स के जरिए 7 हजार करोड़ रुपए जुटाएगी। बाकी का पैसा सेकेंडरी शेयर्स के जरिए या फिर वर्तमान शेयरधारकों द्वारा शेयर बेचकर जुटाया जाएगा। ओयो का वैल्यूएशन 9 अरब डॉलर यानी करीबन 67 हजार करोड़ रुपए आंका जा रहा है। यह भारत का तीसरा सबसे ज्यादा वैल्यूएशन वाला स्टार्टअप है।  

ओयो के सीईओ रितेश अग्रवाल और उनकी कंपनी आर.ए. हॉस्पिटल के पास 33% शेयर्स हैं। कंपनी के शेयर्स स्टॉक एक्सचेंज पर नवंबर के अंत तक या दिसंबर के शुरू में लिस्ट हो सकते हैं। यानी IPO इसी दौरान आ सकता है। अमूमन सेबी किसी भी IPO के लिए 2 महीने का समय लेता है। किसी-किसी मामले में एक महीने में भी मंजूरी मिल जाती है। रितेश अग्रवाल ने ओयो को 2013 में शुरू किया था। कॉलेज ड्रॉपआउट रितेश अग्रवाल इस समय 27 साल के हैं। 2019 में रितेश अग्रवाल ने 2 अरब डॉलर का निवेश किया था। यह पैसा उन्होंने उधारी लिया था। इस वजह से ओयो में उनकी हिस्सेदारी तीन गुना बढ़ गई। 

ओयो के कारोबार में भारत, मलेशिया, इंडोनेशिया और यूरोप का योगदान 90% से ज्यादा है। ओयो के ऐप को 10 करोड़ बार डाउनलोड किया गया है। इसके पास 90 लाख से ज्यादा ग्राहक हैं। OYO रूम्स फिलहाल 68% मार्केट शेयर के साथ भारत की सबसे बड़ी होटल चेन है। इसके कंपटीटर्स में एयर बीएनबी, यात्रा, फैब होटल्स, क्लियर ट्रिप, बुकिंग.कॉम, ट्रीबो और मेक माय ट्रिप शामिल हैं। भविष्य के लिए OYO ने मल्टी बिजनेस विस्तार किया है। जैसे- ओयो टाउनहॉल, ओयो वेडिंग्स, ओयो वर्कस्पेस। रितेश अग्रवाल का मानना है कि ये सभी हॉस्पिटैलिटी से जुड़े बिजनेस हैं। 

इस समय ओयो का 43% रेवेन्यू भारत और दक्षिण पूर्व एशिया से आता है। 28% रेवेन्यू यूरोप से आता है। बाकी का रेवेन्यू अन्य देशों से आता है। कोरोना की वजह से इसने चीन और अमेरिका में अपने ऑपरेशन में काफी कटौती की थी। ओयो ने 80 देशों में 43 हजार होटल्स के साथ टाईअप किया है। इसके अलावा 1.50 लाख वैकेशन होम्स हैं। इसमें भारत, चीन, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया और नेपाल जैसे देश हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *