मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति 92.6 अरब डॉलर पर पहुंची, 1 हफ्ते में शेयर 19% बढ़ा

मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर की कीमतों में तेजी से मुकेश अंबानी की संपत्ति में इजाफा हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल होने के करीब पहुंच गए हैं। उनकी निजी संपत्ति इस समय 92.6 अरब डॉलर है। दुनिया में सबसे अमीर बिजनेसमैन अमेजन के जेफ बेजोस हैं। उनके बाद टेस्ला के एलन मस्क हैं। बिल गेट्स चौथे नंबर पर आते हैं।  

एक हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 19% बढ़ गया है। यह 2,065 रुपए से बढ़ कर 2,422 रुपए पर पहुंच गया। पिछले साल सितंबर में यह शेयर 2,368 रुपए पर था जो सोमवार को 2,479 रुपए तक चला गया। सोमवार को ही इसने एक साल का हाई भी टच किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया में 12 वें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं। एशिया में अंबानी अमीर बिजनेसमैन में पहले रैंक पर हैं।  

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा कहते हैं कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में आगे नया लेवल दिख सकता है। इसका तुरंत का लक्ष्य 2,850 रुपए का है। नीचे की ओर यह 2,375 रुपए तक जा सकता है।  

दरअसल 10 सितंबर को जियो नेक्स्ट फोन की लॉन्चिंग है। यही कारण है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स में तेजी है। जियो के इस नए फोन की कीमत 3500 रुपए हो सकती है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस साल अब तक 15 अरब डॉलर की बढ़त हुई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप सोमवार को 15.64 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया था।  

रिलायंस के ऑयल से केमिकल बिजनेस में मुकेश अंबानी की हिस्सेदारी बेचने की योजना भी अंतिम चरण में है। निवेशकों को उम्मीद है कि अगले कुछ समय में सउदी अरामको के साथ रिलायंस की डील पूरी हो सकती है। जानकारों का मानना है कि यह शेयर्स अभी भी 13-14% बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी ग्रीन हाइड्रोजन पर फोकस कर रही है। शुक्रवार को यह शेयर 4% बढ़ा था जबकि आज 3% बढ़ा है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *