सरकार ने फ्लाइट के किराया की सीमा बढ़ाई, महंगा हो जाएगा टिकट खरीदना
मुंबई- हवाई यात्रा के लिए आपको अब ज्यादा किराया चुकाना होगा। सिविल एविएशन मंत्रालय ने अब कम से कम किराया और ज्यादा से ज्यादा किराया की सीमा को बढ़ा दिया है। इससे फ्लाइट कंपनियां किराया बढ़ा सकती हैं।
पिछले साल राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बाद मई में सरकार ने हवाई किराये की एक सीमा तय कर दी थी। अब जब पूरी तरह से लॉकडाउन नहीं है और हवाई यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है, ऐसे में सरकार ने इस सीमा को बढ़ा दिया है। सरकार ने कम से कम किराये में 9.83% की बढ़ोत्तरी करने का फैसला किया है। जबकि ज्यादा से ज्यादा किराए में 12.82% की बढ़त की गई है।
एविएशन मंत्रालय ने एक ऑर्डर जारी किया है। ऑर्डर के मुताबिक, 40 मिनट की यात्रा के लिए अब किराया 2,900 रुपए कम से कम होगा। पहले यह 2,600 रुपए था। इसी समय के लिए ज्यादा से ज्यादा किराया अब 8,800 रुपए होगा। पहले यह 7,700 रुपए था। इसी तरह से 40-60 मिनट वाली फ्लाइट के लिए कम से कम किराया 3,700 रुपए होगा। पहले यह 3,300 रुपए था। इसका ज्यादा से ज्यादा किराया 11,000 रुपए होगा। यह पहले 9,500 रुपए था।
एक से डेढ़ घंटे वाली फ्लाइट का कम से कम किराया अब 4,500 रुपए होगा। इसमें 12.5% की बढ़त की गई है। इसका ज्यादा से ज्यादा किराया 13,200 रुपए होगा। इसमें भी 12.82% की बढ़त की गई है। इसी तरह डेढ़ घंटे से आगे यानी 90-120 मिनट की फ्लाइट का कम से कम किराया 4,700 रुपए की जगह 5,300 रुपए और 120-150 मिनट वाली फ्लाइट का न्यूनतम किराया 6,100 की जगह 6,700 रुपए होगा। 150 से 180 मिनट वाली यात्रा का न्यूनतम किराया 7,400 की जगह 8,300 और 180 से 210 मिनट वाली फ्लाइट का कम से कम किराया 8,700 की जगह 9,800 रुपए होगा।
120-150 मिनट वाली फ्लाइट का कम से कम किराया 6,700 रुपए तय किया गया है। इन सभी दूरी की फ्लाइट के अधिकतम किराये की सीमा में 12.3 से 12.39% की बढ़त की गई है। इसमें यह भी है कि इस किराए में पैसेंजर सिक्योरिटी फीस, एयरपोर्ट यूजर डेवलपमेंट फी और जीएसटी शामिल नहीं हैं। यानी इस मूल किराए के बाद आपको और भी पैसा यात्रा के लिए चुकाना होगा।