बिटक्वॉइन की कीमतों में भारी गिरावट, 7 लाख करोड़ रुपए घटा मार्केट कैप

मुंबई– क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने वालों को बड़ा झटका लगा है। भारी बिकवाली के कारण बिटक्वॉइन एक महीने में पहली बार 30 हजार डॉलर से नीचे पहुंच गया। मंगलवार को बिटक्वॉइन की कीमत 6.22% की गिरावट के साथ 29,831.70 डॉलर प्रति यूनिट पर कारोबार कर रही थी। इससे पहले 22 जून को बिटक्वॉइन 30 हजार डॉलर के नीचे आया था। 

मंगलवार को इथेरियम 7.86% की गिरावट के साथ 1762 डॉलर प्रति यूनिट, टीथर 0.02% की गिरावट के साथ 1 डॉलर प्रति यूनिट, बिनाका क्वॉइन 12.03% की गिरावट के साथ 266 डॉलर प्रति यूनिट, डॉगक्वाइन 7.58% की गिरावट के साथ 0.1662 डॉलर प्रति यूनिट, इथेरियम क्लासिक 7.18% की गिरावट के साथ 39.06 डॉलर प्रति यूनिट पर कारोबार कर रही है। सोमवार को क्रिप्टोकरेंसी निवेशकों के करीब 7 लाख करोड़ रुपए डूब गए थे। 

कुछ ट्रेडर्स का कहना है कि 30 हजार का सपोर्ट टूटने से ज्यादा नुकसान हो सकता है। अगर यह गिरावट जारी रहती है तो वो किप्टोकरेंसी मार्केट को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है। उनका कहना है कि धीमी आर्थिक वृद्धि और कोविड-19 के डेल्टा वैरियंट के कारण ग्लोबल इक्विटी गिर रही है।  

सोमवार को डाओ जोन्स में अक्टूबर 2020 के बाद सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। अमेरिकी बाजार में 19 जुलाई को इसमें 2.09% भारी गिरावट रही। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका ने आर्थिक सुधार के संकेत को कमजोर कर दिया है सोमवार को डाओ जोन्स 2.09% गिरावट के साथ 33962 के स्तर पर बंद हुआ। S&P 500 में 1.58% और नैस्डैक में 1.06% की गिरावट रही। 

अप्रैल के बीच में बिटक्वॉइन 65 हजार डॉलर के स्तर को पार कर गया था। 14 अप्रैल को उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद बिटक्वॉइन की कीमतें लगातार गिर रही हैं। अब तक बिटक्वॉइनकी कीमतों में 50% से ज्यादा की गिरावट आ गई है। अप्रैल में बिटक्वॉइन का मार्केट कैप 1 ट्रिलियन डॉलर (74.62 लाख करोड़ रुपए) के आंकड़े को पार कर गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *