महाराष्ट्र में लॉकडाउन हटेगा, 1 जून से किराना की दुकानों सहित कई चीजें खुलेंगी

मुंबई– संक्रमण के बढ़ते मामलों पर कंट्रोल कर महाराष्ट्र एक बार फिर से अनलॉक की तरफ बढ़ रहा है। राज्य में 1 जून से अलग-अलग फेज में अनलॉक किया जाएगा। यह जानकारी राज्य के राहत एवं पुनर्वासन मंत्री विजय वडेट्टीवार ने दी है। उन्होंने कहा कि अगले चार दिनों के भीतर राज्य में लॉकडाउन में ढिलाई के मुद्दे पर फैसला लिया जाएगा। 

पहले और दूसरे चरण में किराना दुकानों को खोलने की इजाजत दी जा सकती है। तीसरे चरण में होटल, रेस्टोरेंट, बार और शराब की दुकानों को खोलने की मंजूरी दी जा सकती है। चौथे फेज में लोकल सेवा और धार्मिक स्थलों को खोलने की मंजूरी दी जा सकती है। इसके अलावा जिन जिलों में लॉकडाउन या कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं, वहां पर हालात को देखकर फैसला लिया जाएगा। 

वडेट्टीवार ने बताया कि राज्य में अभी 14 जिले रेड जोन में हैं, इसलिए इन जिलों को छोड़ बाकी जिलों में ही कड़ी पाबंदियों में छूट दी जाएगी। रेड जोन वाले 14 जिलों में बुलढाणा, रत्नागिरी, सांगली, यवतमाल, सिंधुदुर्ग, अमरावती, सोलापुर, अकोला, सातारा, वाशिम, बीड, गढ़चिरोली, अहमदनगर और उस्मानाबाद शामिल हैं। 

महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है। सोमवार को राज्य में 22 हजार 122 नए मरीज मिले हैं। 19 मई के बाद से राज्य में लगातार संक्रमितों का आंकड़ा कम हो रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में 42 हजार 320 लोग ठीक रिकवर हुए हैं। 

राज्य का रिकवरी रेट 92.51% पहुंच गया है। सोमवार को जो सबसे ज्यादा राहत की बात यह रही कि 19 अप्रैल के बाद यानी 35 दिन बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या राज्य में 500 से नीचे आ गई है। सोमवार को 361 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। फिलहाल, राज्य में डेथ रेट 1.59% रह गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *