पेट्रोल की कीमतें अब 104 रुपए पर पहुंची, इस महीने में 10 बार बढ़ी कीमत
मुंबई– पेट्रोल-डीजल के दामों में लगी आग थमने का नाम ही नहीं ले रही है। मंगलवार को एक बार फिर सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए हैं। इस बढ़ोतरी के साथ ही राजस्थान में पेट्रोल 104 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 103.80 रुपए पर पहुंच गया है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर में भी पेट्रोल 103.49 रुपए बिक रहा है।
दिल्ली की बात करें तो मंगलवार को यहां पेट्रोल 27 पैसे महंगा होकर 92.85 और डीजल 29 पैसे महंगा होकर 83.51 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने अब तक पेट्रोल-डीजल की कीमत में 10 बार इजाफा हुआ है। पेट्रोल 2.45 और डीजल 2.78 रुपए महंगा हुआ है। 4 मई से लेकर अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम 10 बार बढ़े हैं। इस महीने से पहले पेट्रोल 90.40 और डीजल 83.51 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था।
इस साल पेट्रोल-डीजल के दाम जनवरी में 10 बार और फरवरी में 16 बार बढ़े, जबकि मई में आज दूसरी बार कीमतें बढ़ी हैं। मार्च महीने में 3 बार और अप्रैल में 1 बार पेट्रोल-डीजल के दाम में कमी आई है। मई में अब तक पेट्रोल-डीजल 10 बार महंगे हुए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोजाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों बदलाव करती हैं।