भाजपा शासित राज्यों को ज्यादा मिल रही है वैक्सीन, गुजरात को जरूरत से दोगुना ज्यादा मिली
मुंबई– पूरे देश में कोरोना वैक्सीन को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। अदालतें भी लगातार सरकार को फटकार रही हैं। लेकिन इसका एक सच यह भी है कि भाजपा शासित राज्यों को ज्यादा वैक्सीन मिल रही है। यही नहीं, उनकी जरूरत जितनी है उससे दोगुना मिल रही हैं।
देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। जो जानकारी दी गई है उसमें सप्लाई की गई और सप्लाई होने वाली वैक्सीन की जानकारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैक्सीन की कुल सप्लाई में गुजरात को 4.8 पर्सेंट की जरूरत थी। उसे 8 पर्सेंट की सप्लाई की गई। भाजपा वाले ही राज्य हरियाणा को 2.4 पर्सेंट की जरूरत थी जबकि उसे 2.7 पर्सेंट वैक्सीन की सप्लाई की गई।
इसी तरह कर्नाटक को 6.1 पर्सेंट की जरूरत थी जिसे उतनी ही वैक्सीन मिल गई है। मध्य प्रदेश को 4.9 पर्सेंट की जगह 5.4 पर्सेंट वैक्सीन दी गई जबकि उड़ीसा को 2.4 पर्सेंट की जगह 3.6 पर्सेंट वैक्सीन दी गई है और दी जाएगी। कांग्रेस वाले राज्य पंजाब की बात करें तो यहां 2.3 पर्सेंट की जरूरत थी लेकिन वैक्सीन 2.3 पर्सेंट ही मिल पाई है। तमिलनाडु को 4.9 पर्सेंट की जगह केवल 4.2 पर्सेंट वैक्सीन मिली जबकि भाजपा वाले राज्य उत्तराखंड को 1.2 की जगह 1.4 पर्सेंट वैक्सीन मिली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस वाले राज्य छत्तीसगढ़ को 4.6 पर्सेंट वैक्सीन की जरूरत थी जिसे महज 3.6 पर्सेंट ही वैक्सीन मिल पाई है। महाराष्ट्र भी कांग्रेस गठबंधन वाला राज्य है। यहां पर 17.8 पर्सेंट की वैक्सीन की जरूरत थी जिसे केवल 10.1 पर्सेंट वैक्सीन ही अभी तक मिली है। हालांकि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है पर यहां 4.4 पर्सेंट की जगह 8.2 पर्सेंट वैक्सीन मिली है।
बता दें कि कुछ राज्यो को ज्यादा वैक्सीन मिलने के बाद भी लोगों को वैक्सीन नहीं मिल रही है। बड़ोदरा के एक बैंकिंग डीएसए ने बताया कि उसने पहली डोज लगवा ली है, लेकिन दूसरी डोज उसे नहीं मिल रही है। जबकि गुजरात में जरूरत से एक गुना ज्यादा की वैक्सीन की सप्लाई की गई है।