PF पर नहीं घटी ब्याज दर, 2020-21 में मिलता रहेगा 8.5% ब्याज
मुंबई– PF के तहत आने वाले लोगों के लिए राहत वाली खबर है। इंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) ने वित्त वर्ष यानी 2020-21 के लिए ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी आपको 8.5% की दर से ब्याज मिलता रहेगा। 2019-20 के लिए यह 8.50% थी। आज ईपीएफओ की सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी की मीटिंग में यह फैसला किया गया है। ब्याज दरों को हालांकि घटाने का अनुमान था। पर इसे पहले की ही दर पर बरकरार रखा गया है।
पिछले साल मार्च में पीएफ पर ब्याज दर सात साल के निचले स्तर पर पहुंच गई थी। उस समय 2019-20 के लिए 8.5% की ब्याज की घोषणा की गई थी। यह 2018-19 में 8.65% थी। 2016-17 में यह दर 8.65 और 2017-18 में 8.55% थी।
1952 में 3% से शुरू हुआ था ब्याज
वैसे देखा जाए तो 1952 में पीएफ पर केवल 3% ब्याज दर थी। हालांकि उसके बाद इसमें बढ़त होती गई और पहली बार 1972 में यह 6% के ऊपर पहुंची। 1984 में यह पहली बार 10% के ऊपर पहुंची। PF धारकों के लिए सबसे अच्छा समय 1989 से 1999 तक था। इस दौरान 12% ब्याज दर मिलती थी। हालांकि उसके बाद इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई और फिर 10% के करीब यह कभी नहीं पहुंची। 2001 के बाद से यह 9.50% के नीचे ही रही है। पिछले सात सालों से यह 8.50% या उससे कम रही है।
80.40 लाख नए लोग पीएफ से जुड़े
दिसंबर तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, कुल 80.40 लाख नए सदस्य ईपीएफओ से जुड़े थे। जबकि इसी दौरान 29.47 लाख सदस्य निकल गए थे। हालांकि निकले हुए सदस्यों में से बाद में 7.44 लाख सदस्य फिर से जुड़ गए थे। देश में कुल करीबन 6.44 करोड़ लोग पीएफ के दायरे में हैं। वो कंपनियां जिनके पास 20 या इससे ज्यादा लोग काम करते हैं। जिनकी सैलरी 15 हजार रुपए तक होती है।