शेयर बाजार में 1800 अंकों की भारी गिरावट, सेंसेक्स 49 हजार के करीब पहुंचा, 5 मिनट में निवेशकों को 3 लाख करोड़ का नुकसान
मुंबई– दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी गिरावट के चलते घरेलू बाजार भी फिसल गया। BSE सेंसेक्स 1,835 अंक यानी 3.6% नीचे 49,204.17 पर कारोबार कर रहा है। भारी गिरावट के चलते इंडेक्स ने दिन के सबसे निचले लेवल 49,222.46 को भी छुआ। सेंसेक्स में ICICI बैंक के शेयर में सबसे ज्यादा 5.56% की गिरावट है। 5 मिनट में निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि दोपहर तक यह नुकसान 6 लाख करो़ड़ रुपए हो गया है। मार्केट कैपिटलाइजेशन में 6 लाख करोड़ की कमी आई है। इसमें से टॉप 7 कंपनियों का मार्केट कैप आज 1.50 लाख करोड़ रुपए घट गया है।
निवेशक बाजार में सबसे ज्यादा बैंकिंग शेयर बेच रहे हैं। नतीजतन, निफ्टी बैंक इंडेक्स 1,804 अंक यानी 4.9% नीचे 34,744.55 पर कारोबार कर रहा है। इसमें प्राइवेट बैंकों के शेयर सबसे ज्यादा टूटे हैं। इंडेक्स में ICICI बैंक और HDFC बैंक के शेयर शामिल हैं। निफ्टी इंडेक्स भी 527 अंक यानी 3.5% नीचे 14,570.05 पर कारोबार कर रहा है। बैंकिंग शेयरों की जमकर पिटाई हुई है। बैंकिंग के शेयर 6-6 पर्सेंट टूटे हैं।
शेयर बाजार के प्रमुख शेयरों में भी भारी बिकवाली है। HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और ICICI बैंक सहित अन्य प्रमुख बैंकिंग शेयरों में 5% से ज्यादा की गिरावट है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, TCS और भारती एयरटेल के शेयरों में भी 3% तक की गिरावट है। नतीजतन, मार्केट कैप के लिहाज से 10 में से 7 सबसे बड़ी कंपनियों का कुल मार्केट कैप एक लाख करोड़ रुपए घट गया है।
BSE पर 2,887 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 795 शेयरों में बढ़त और 1,951 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी 5.15 लाख करोड़ रुपए घटकर 201.03 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 206.18 लाख करोड़ रुपए था। एक्सचेंज पर रेलटेल का शेयर 11.3% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ। शेयर का इश्यू प्राइस 94 रुपए था, जो 104.6 रुपए पर लिस्ट हुआ है।
अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट है। जापान का निक्केई इंडेक्स 1,146 अंक यानी 3.8% नीचे 29,022 पर है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 982 अंक नीचे 29,092 पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स, कोरिया के कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स में भी 3% की गिरावट है।
अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने और टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली के चलते प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। नैस्डैक इंडेक्स 478 अंकों की गिरावट के साथ 13,119 पर बंद हुआ था। इसी तरह डाओ जोंस 559 अंक और S&P 500 इंडेक्स 96 अंक नीचे बंद हुए।

