भीम यूपीआई ट्रांजेक्शन का नया रिकॉर्ड, 273 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए

मुंबई– कोरोना काल में डिजिटल ट्रांजेक्शन को खूब बढ़ावा मिला है। इसी का नतीजा है कि पिछले महीने देश में भीम UPI ट्रांजेक्शन का नया रिकॉर्ड बना है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के ताजा डाटा के मुताबिक मार्च 2021 में देश में 273 करोड़ भीम UPI ट्रांजेक्शन हुए हैं। मार्च 2020 के 125 करोड़ ट्रांजेक्शन के मुकाबले इस साल दोगुने से ज्यादा ट्रांजेक्शन रहे हैं। 

NPCI के डाटा के मुताबिक, मार्च 2021 में भीम UPI के जरिए 5,04,886 करोड़ रुपए के लेन-देन हुए हैं। मार्च 2020 में 2,06,462 करोड़ रुपए के लेन-देन हुए थे। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले के इस साल भीम UPI के जरिए दोगुना से ज्यादा राशि का लेन-देन हुआ है। फरवरी 2021 में भीम UPI के जरिए 229 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए थे, जिनमें 4,25,062 करोड़ रुपए की राशि का लेन-देन हुआ था। 

डाटा के मुताबिक, मार्च 2021 में IMPS के साथ रियल टाइम सेटलमेंट के जरिए 36.31 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए। इसमें 3,27,234.43 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ। भारत बिलपे के जरिए 3.52 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए जिनमें 5,195.76 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ। वहीं, फास्टैग के जरिए 19.32 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए जिनमें 3,086.32 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ। 

NPCI जैसी न्यू अम्ब्रैला एंटिटी (NUE) की स्थापना के लिए पांच कंसोर्टियम ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पास आवेदन किया है। यह सभी कंसोर्टियम NPCI जैसे पेमेंट सिस्टम इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेंगे। अभी इस सेगमेंट में NPCI की एकाधिकार है। लेकिन प्राइवेट कंपनियों के आने से NPCI का एकाधिकार खत्म होगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 मार्च 2021 थी। मौजूदा समय में रुपे, UPI, नेशनल ऑटोमेटिड क्लीयरिंग हाउस समेत सभी प्रकार की रिटेल पेमेंट सेवाओं के लिए NPCI अम्ब्रैला एंटिटी के तौर पर काम करती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *