सोने की कीमतें 9 हजार रुपए घटी, चांदी की भी कीमत 9400 रुपए गिरी

मुंबई- अगस्त 2020 में सोना अपने ऑल-टाइम हाई लेवल 56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। यानी अब तक सोना करीब 9,300 रुपए सस्ता हो गया है। वहीं अगस्त में 77,840 के उच्चतम स्तर से अब तक चांदी करीब 9,400 रुपए तक सस्ती हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,810 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं चांदी की बात करें तो 26.71 डॉलर प्रति औंस पर रही। 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्‍त वर्ष 2021-22 के लिए पेश किए बजट में सोने और चांदी पर आयात शुल्क में भारी कटौती की घोषणा की है। सोने और चांदी पर आयात शुल्क में 5% की कटौती की है। इस समय फिलहाल सोने और चांदी पर 12.5% आयात शुल्क देना होता है। 5% की कटौती के बाद सिर्फ 7.5% इंपोर्ट ड्यूटी देनी होगी। इससे सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिलेगी। 

बीते साल देश में सोने की मांग में कमी आई थी। इसके चलते देश में सोने का इम्पोर्ट (आयात) 2020 में 344.2 टन रहा जो पिछले साल के मुकाबले 47% कम रहा। 2019 में ये 646.8 टन था। भारत दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड आयातक देश है। ज्वैलरी इंडस्ट्री में सोने की सबसे ज्यादा मांग रहती है। देश में सामान्य तौर पर 800 से 900 टन सोने का आयात होता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *