वेनेजुएला से तेल आयात की उम्मीदों से रिलायंस के शेयरों में उछाल, करीब 7% चढ़ा भाव
मुंबई-रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लंबे समय बाद कल भारी तेजी देखने को मिली। बीएसई पर कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 7 फीसदी तेजी के साथ 1,489 रुपये तक चढ़ गया। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के कारण कंपनी के शेयरों में तेजी आई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि भारत वेनेजुएला से तेल की खरीद शुरू करेगा। भारत ने पिछले साल मई से वेनेजुएला से कोई तेल नहीं खरीदा है। लेकिन ट्रंप के बयान से वेनेजुलएला से तेल की खरीद का सिलसिला फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है।
2024 में भारतीय कंपनियों ने वेनेजुएला से रोजाना औसतन 70,000 बैरल तेल खरीदा था। जानकारों का कहना है कि वेनेजुएला का तेल भारी होने के कारण सस्ता होता है। यह भारतीय रिफाइनरीज के लिए फायदे का सौदा है क्योंकि वे इस तरह के तेल को प्रोसेस करने में सक्षम हैं। रिलायंस की रिफाइनरियां इस तरह के तेल को प्रोसेस करने में सबसे बेहतर स्थिति में हैं। यही वजह है कि वेनेजुएला के साथ तेल कारोबार बहाल होने की स्थिति में कंपनी को फायदा होगा। यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में आज तेजी आई है।
2022 की शुरुआत में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद रूस ने डिस्काउंट पर भारत को तेल बेचना शुरू किया था और देखते ही देखते रूस भारत का सबसे बड़ा सप्लायर बन गया था। वेनेजुएला से तेल की सप्लाई बहाल होने से भारत को एक और सोर्स मिल जाएगा। यह रिलायंस की रिफाइनिंग क्षमताओं और कॉस्ट स्ट्रक्चर के मुताबिक है। इस साल रिलायंस के शेयरों में 8 फीसदी गिरावट आई है। लेकिन वेनेजुएला से सस्ते तेल के आयात से कंपनी का रिफाइनिंग मार्जिन काफी बेहतर हो सकता है।

