लागत कम करने के लिए दुनियाभर में 16,000 की छंटनी करेगी नेस्ले
मुंबई: दुनिया की सबसे बड़ी पैकेज्ड फूड कंपनी नेस्ले लागत कम करने के लिए 16,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। कंपनी के नए सीईओ फिलिप नवरातिल ने कहा, ये नौकरियां नेस्ले के लगभग 2.77 लाख कर्मचारियों का 5.8 फीसदी हिस्सा हैं। नेस्ले ने 2027 के अंत तक अपने लागत बचत लक्ष्य को 2.5 अरब स्विस फ्रैंक से बढ़ाकर तीन अरब स्विस फ्रैंक कर दिया है।
नवरातिल ने कहा, दुनिया बदल रही है। नेस्ले को भी तेजी से बदलने की जरूरत है। नेस्ले ने प्रबंधकीय उथल-पुथल का एक अभूतपूर्व दौर देखा है। इसमें नवरातिल ने लॉरेंट फ्रेइक्स की जगह ली है, जिन्हें सितंबर में अज्ञात संबंधों के कारण पद से हटा दिया गया था। फिर चेयरमैन पॉल बुल्के ने दो हफ्ते बाद पूर्व इंडिटेक्स प्रमुख पाब्लो इस्ला के लिए जगह बनाने के लिए समय से पहले ही पद छोड़ दिया। नवरातिल ने कहा, अगले दो वर्षों में 12,000 नौकरियों में कटौती होगी। साथ ही विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला में चल रही पहलों के तहत 4,000 कर्मचारियों की छंटनी होगी।
किटकैट चॉकलेट बार, नेस्प्रेस्सो कॉफी और मैगी सीजनिंग बनाने वाली स्विस कंपनी बिक्री में आ रही कमी को बढ़ाने और शेयर की कीमतों में गिरावट को थामने के लिए संघर्ष कर रही है। ऐसा इसलिए, क्योंकि लागत बढ़ गई है। और कर्ज का स्तर बढ़ गया है। इससे निवेशकों का दबाव बढ़ रहा है। बर्नस्टीन के विश्लेषकों के मुताबिक, कर्मचारियों की संख्या में कमी एक बड़ा आश्चर्य है।
नवरातिल ने अपने बयानों से यह संकेत दिया है कि, वे कंपनी में कुछ बड़े बदलाव कर सकते है. साथ ही ऐसे यूनिट्स जो अच्छा नहीं कर रहे हैं, उन्हें बेचने की योजना पर काम हो सकता है। इतनी बड़ी छंटनी को नवरातिल के इन संकेतों से जोड़ कर देखा जा रहा है। नेस्ले के प्रॉफिट मार्जिन में भी गिरावट आई है और यह पिछले साल की दूसरी तिमाही की तुलना में 986 करोड़ रुपए से गिरकर 753 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है।

